जेसन होल्डर के साहसिक शतक ने इंग्लैंड को थकाया, मैच ड्रॉ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुछल्ले बल्लेबाज जेसन होल्डर की साहसिक शतकीय पारी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को हार से बचाते हुए मैच को ड्रॉ पर खत्म कराया।
नार्थ साउंड (एंटीगा) में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने चौथे दिन वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 438 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया और खेल की समाप्ति तक मेजबान टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए थे और उसे अंतिम दिन मैच बचाने के लिए अपने शेष 8 विकेट के साथ पूरे दिन खेलना था क्योंकि शेष 340 रन और बनाना संभव नहीं दिख रहा था।
पांचवें दिन विंडीज टीम का शीर्ष क्रम ज्यादा देर तक क्रीज पर टिके नहीं रह सका और उसके 7 विकेट 294 रन पर गिर गए थे और उस पर बड़ी हार का संकट मंडरा रहा था ऐसे में टीम के वनडे कप्तान जेसन होल्डर ने केमार रोच के साथ पारी को आगे बढ़ाया और आठवें विकेट के लिए अविजित 56 रनों की साझेदारी मैच को न सिर्फ ड्रॉ पर लाकर खत्म किया बल्कि इंग्लैंड की इस धरती पर पहली टेस्ट जीत का ख्वाब भी पूरा होने नहीं दिया।
अपने चौथे टेस्ट मैच में होल्डर ने शानदार बल्लेबाजी की और जूझारू पारी खेलते हुए टेस्ट करियर का पहला शतक ठोंक दिया। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके की मदद से 103 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे। होल्डर का बखूबी साथ देने वाले रोच ने 55 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए।
निराशाजनक ड्रॉ के बावजूद इंग्लैंड को मिली ये 'खुशी'
भले ही इंग्लैंड इस मैच में जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी जीत हासिल न कर सका हो लेकिन उसके लिए एक अच्छी खबर यह रही कि तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के सबसे सफल तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान इयान बॉथम को 383 टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ा।
दूसरी पारी में एंडरसन ने मार्लोन सैमुअल्स (23) का विकेट झटककर बॉथम के 383 विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके बाद उन्होंने विपक्षी टीम के कप्तान दिनेश रामदीन को स्लिप में कप्तान एलिस्टर कुक के हाथों कैच आउट कराकर अपने टेस्ट विकेटों की संख्या 384 तक पहुंचा दी और इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।
इससे पहले जेसन होल्डर ने कप्तान दिनेश रामदीन के साथ सातवें विकेट के लिए 105 रनों की शतकीय साझेदारी की। हालांकि रामदीन 57 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की ओर से ओपनर ड्वेन स्मिथ ने 65 रनों की पारी खेली। चौथे दिन खेल की समाप्ति पर वेस्टइंडीज ने दो विकेट पर 98 रन बनाए थे।
पहली पारी में 104 रनों की बढ़त लेने वाली इंग्लैंड की टीम ने मेजबान टीम को 438 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया। जोए रूट ने डेरेन ब्रावो (32) को आउट कर अच्छा ब्रेकथ्रू दिलाया। स्लिप में क्रिस जार्डन ने उनका अच्छा कैच लपका। वेस्टइंडीज के ओपनर ब्रेथवेट 5 रन बनाकर आउट हो गए थे। इससे पहले इंग्लैंड ने गैरी बैलेंस के 122 रनों की मदद से सात विकेट पर 333 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी थी। केवल नौवां टेस्ट मैच खेल रहे बैलेंस की यह चौथी शतकीय पारी थी। जिम्बाब्वे में पैदा हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज को रूट (59) और बेन स्टोक्स (35) से अच्छा सहयोग मिला।