'राहुल द्रविड़ जैसा शख्स हो देश का प्रधानमंत्री'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ की ईमानदारी और सादगी के चर्चे दुनियाभर में हैं। अब इसकी जीती जागती मिसाल खुद राहुल द्रविड़ ने पेश की है। दरअसल अंडर-19 टीम को विश्व विजेता बनाने वाले कोच राहुल द्रविड़ और सपोर्टिंग स्टाफ के लिए बीसीसीआई ने ईनामी राशि की घोषणा की थी, लेकिन ईनामी राशि में भारी अंतर होने की वजह से राहुल ने बीसीसीआई के इस फैसले का विरोध किया था। आखिरकार राहुल के जिद के आगे बीसीसीआई को अपने घुटने टेकने पड़े।
राहुल द्रविड़ के अनुरोध को स्वीकार करते हुए बोर्ड राहुल द्रविड़ समेत पूरे कोचिंग स्टाफ को एक बराबर 25 लाख रुपए की राशि देने को राजी हो गया है। गौर करने वाली बात यह है कि बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ की पुरस्कार राशि को 50 लाख से घटाकर 25 लाख रुपए कर दिया है। अपने कोचिंग स्टाफ को उनका हक दिलवाने वाले राहुल द्रविड़ आधी ईनामी राशि में भी खुश हो गए हैं।
राहुल द्रविड़ के इस सम्मानजनक कदम की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हुई। खासतौर पर बॉलीवुड के म्यूजिक कंपोजर विशाल डाडलानी ने उनकी तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। विशाल ने एक ट्वीट में लिखा कि राहुल द्रविड़ जैसा ईमानदार शख्स ही देश का प्रधानमंत्री होना चाहिए।
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ के लिए 50 लाख रुपए और सपोर्टिव स्टाफ के लिए 20-20 लाख रुपये की घोषणा की थी। राहुल द्रविड़ ने इस बात पर ऐतराज जताते हुए कहा था कि पूरे सपोर्टिंग स्टाफ ने काफी मेहनत की है, फिर मुख्य कोच और सपोर्टिंग स्टाफ के लिए ईनामी राशि में इतना अंतर क्यों?
विशाल डाडलानी ने एक ट्वीट में कहा, 'क्या हम द्रविड़ को प्रधानमंत्री पद के लिए चुन सकते हैं। मैं जानता हूं कि यह बात कुछ लोगों को मूर्खतापूर्ण लगेगी लेकिन भारत को इस तरह के शख्स की ही जरूरत है। डाडलानी के अलावा कई फैंस भी मानते हैं कि द्रविड़ देश के प्रधानमंत्री बनने के लायक हैं।'