रवि शास्त्री के लिए कोहली ने तोड़ा था नियम, अब कपिल देव ने किया विराट का बचाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महान कपिल देव की अगुआई वाली तीन सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच का चयन करेगी। दिग्गज ऑलराउंडर सीएसी में शामिल साथी शांता रंगास्वामी की इस बात से सहमत हैं कि कोच के चयन में कप्तान विराट कोहली की राय को सम्मान दिए जाने की जरूरत है। देश को 1983 में पहला विश्व कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान ने आश्वस्त किया है कि उनकी समिति अपने काम को अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के अनुरूप अंजाम देगी।
उल्लेखनीय है कि टीम के वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना होने से पहले कप्तान कोहली ने अपनी राय रखी थी कि अगर रवि भाई (शास्त्री) को पद पर बरकरार रखा जाता है तो उन्हें खुशी होगी। कोहली के सार्वजनिक समर्थन के बाद शास्त्री को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी के अलावा भारत के पूर्व खिलाड़ी लालचंद राजपूत और रोबिन सिंह भी इस पद की दौड़ में शामिल हैं। सभी निगाहें सीएसी पर लगी हैं जो इस महीने के मध्य में आवेदनकर्ताओं के इंटरव्यू ले सकती है।
नेताजी इनडोर स्टेडियम में ईस्ट बंगाल के फाउंडेशन दिवस पर भारत गौरव सम्मान हासिल करने के बाद कपिल ने कहा कि कोहली ने जो कहा वो उनकी राय थी। हमें सभी की राय का सम्मान करना चाहिए। कोच के चयन के लिए बनी क्रिकेट सलाहकार समिति में कपिल के अलावा अंशुमान गायवकवाड़ और शांता रंगास्वामी शामिल हैं। मंगलवार को कोच के आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है। रवि शास्त्री इस प्रक्रिया में स्वाभाविक रूप से शामिल हैं।
कपिल ने कहा कि आप अपनी श्रेष्ठ योग्यता के आधार पर अपना काम करते हैं। सीएसी के लिए यह काम मुश्किल नहीं है। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के एक गुट के बायकाट अभियान के बावजूद कपिल ने वादे के मुताबिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और क्लब का सम्मान ग्रहण किया। कपिल ने मोहन बागान के खिलाफ एक प्रदर्शनी मैच में ईस्ट बंगाल की ओर से हिस्सा लिया था।
कोहली के नजरिए का सम्मान
कपिल देव ने विराट कोहली की कोच की पसंद पर कहा कि कोहली की अपनी राय है। हमें हर किसी के नजरिये का सम्मान करना होगा। यह काम कठिन नहीं है। आप सिर्फ अपनी क्षमता के अनुरूप काम को बेहतरीन तरीके से करो।
सीएसी के सामूहिक नजरिए से चुना जाएगा कोच
सीएसी सदस्य शांता रंगास्वामी ने कहा कि कप्तान विराट कोहली अपना नजरिया रखने के हकदार हैं लेकिन भारत का अगला मुख्य कोच तीन सदस्यीय सीएसी के सामूहिक नजरिए के आधार पर चुना जाएगा जिसकी वह भी सदस्य हैं। भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान शांता ने कहा, ‘विराट कप्तान हैं और वह अपना नजरिया रखने के हकदार हैं लेकिन यह हम तीन लोगों (सीएसी) का सामूहिक नजरिया होगा जो तय करेगा कि अगला मुख्य कोच कौन होगा।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने मीडिया में आई खबरें पढ़ी हैं और मैं इस मामले में अंशुमन के नजरिये से सहमत हूं। हमें सभी पहलुओं पर गौर करना पड़ेगा मसलन कोच का अनुभव, टीम को एकजुट करने की क्षमता और यह देखना कि वह कितना अच्छा रणनीतिकार है।’ गायकवाड़ ने कहा था कि सीएसी तटस्थ रहेगा और इस प्रक्रिया में खुले दिमाग के साथ उतरेगा। शांता ने कहा, ‘इस मामले में व्यक्तिगत रुख मायने नहीं रखता, मुख्य कोच कौन होगा यह सामूहिक नजरिये पर निर्भर करेगा।’