विजय हजारे ट्रॉफी राउंड-अप: संजू सैमसन का दोहरा शतक, केरल ने गोवा को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केरल के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में शनिवार को गोवा के खिलाफ नाबाद 212 रन की पारी खेलकर बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए अपना दावा मजबूत कर दिया है।
लिस्ट ए में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने अपने नाम कर लिया। घरेलू स्तर पर उन्होंने उत्तराखंड के करण कौशल का 202 रन के प्रदर्शन को पीछे छोड़ा। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने पाकिस्तान के आबिद अली (209*) का सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सैमसन ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए 125 गेंद में 200 रन जड़ दिए। यह उनका पहला दोहरा शतक है जबकि भारत की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आठवां दोहरा शतक है।
दाएं हाथ के बल्लेबाज सैमसन ने 129 गेंदों में 21 चौके और 10 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइकरेट 162.99 रन का रहा। विजय हजारे ट्रॉफी में इस सीजन का यह पहला दोहरा शतक है। केरल के कप्तान कप्तान रोबिन उथप्पा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 49.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 372 रन बनाए। गोवा की टीम आठ विकेट पर 273 रन ही बना सकी। केरल ने 104 रन से मैच जीता। सैमसन और सचिन बेबी (127) के बीच तीसरे विकेट पर 338 रन की लिस्ट ए की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। पिछला रिकॉर्ड 309 रन का था जो वूरसेस्टरशायर के लिए टिम कर्टिस और टॉम मूडी ने बनाया था।
स्पिन जाल में फंसी यूपी की हार
स्पिनर करण कालिया (4/22), मयंक मारकंडे (3/43) और गुरकीरत सिंह (2/33) के प्रदर्शन के आगे उत्तर प्रदेश की टीम को पंजाब के खिलाफ 63 रन से हार का सामना करना पड़ा। यूपी ने टॉस जीतकर पहले पंजाब को बल्लेबाजी पर उतारा था। पंजाब ने एक समय 59 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन छठे विकेट पर कप्तान गुरकीरत सिंह (66) ने अनमोलप्रीत (14) के साथ 108 रन की साझेदारी की जिससे टीम 204 रन बनाने में सफल रही। जवाब में यूपी की टीम 38.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई। उपेंद्र यादव ने सर्वाधिक 46 रन बनाए।
अभिनव मुकुंद का शतक
अभिनव मुकुंद और विजय शंकर की शानदार पारियों के दम पर तमिलनाडु ने मध्यप्रदेश को 211 रन से हरा दिया। तमिलनाडु की यह लगातार आठवीं जीत है । मुकुंद ने 139 गेंद में 17 चौकों और दो छक्कों की मदद से 147 रन बनाए। वहीं शंकर ने 93 गेंद में 90 रन बनाए जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल हैं। कप्तान दिनेश कार्तिक ने भी 28 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाए।
इससे पहले टॉस जीतकर मध्यप्रदेश के कप्तान नमन ओझा ने गेंदबाजी का फैसला किया। मुकुंद और शंकर ने 191 रन की साझेदारी की। जीत के लिए 361 रन के लक्ष्य के जवाब में मध्यप्रदेश की टीम 29वें ओवर में 149 रन पर आउट हो गई। लेग स्पिनर एम अश्विन ने 14 रन देकर तीन विकेट लिए।
महाराष्ट्र की हरियाणा पर जीत
महाराष्ट्र की टीम ने हरियाणा को 89 गेंदें शेष रहते पांच विकेट से आसान जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी का न्योता पाकर हरियाणा की टीम 39.5 ओवरों में 135 पर सिमट गई थी। सुमित कुमार ने नाबाद 47 रन की पारी खेली। महाराष्ट्र के सत्यजीत और अजीम काजी ने चार-चार विकेट लिए। महाराष्ट्र ने 35.1 ओवरों में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकित बावने ने 42 और नौशाद शेख ने नाबाद 48 रन की पारी खेली।