टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में लगाया लगातार सीरीज का 'छक्का', एक और खास रिकॉर्ड किया अपने नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के बेहतरीन शतक की बदौलत रविवार को तीसरे व निर्णायक टी-20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ विराट सेना ने तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज 2-1 से अपने नाम की और दो विशेष रिकॉर्ड भी बनाए।
टीम इंडिया ने लगातार 6 टी-20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक लगातार सीरीज जीत के मामले में टीम इंडिया दूसरे स्थान पर काबिज है। वर्ल्ड रिकॉर्ड फिलहाल टीम इंडिया की चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के नाम दर्ज है, जिसने लगातार 9 टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीती हैं।
यही नहीं, दो देशों के बीच तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में भी टीम इंडिया की महारत कायम है क्योंकि वह आज तक ऐसी किसी सीरीज में हारा नहीं है। जब भी टीम इंडिया ने तीन मैचों की द्वपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज खेली है तो उसमें जीत ही दर्ज की है। विराट ब्रिगेड ने लगातार आठवीं ऐसी सीरीज जीती, जिसमें दो देशों के बीच तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई हो।
कीवी टीम के खिलाफ शुरू हुआ विजयी रथ
टीम इंडिया के लगातार 6 टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने का सिलसिला पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हुआ था। टीम इंडिया ने सबसे पहले कीवी टीम को मात दी। इसके बाद उसने श्रीलंका (2017), दक्षिण अफ्रीका (2018), निदाहास टी-20 ट्राई सीरीज (2018), आयरलैंड (2018) और अब इंग्लैंड को मात दी।
टीम इंडिया ने लगातार 6 टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में किस देश को कितने अंतर से हराया
- न्यूजीलैंड का भारत दौरा - 2017 में खेली गई 3 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 के अंतर से जीता।
- श्रीलंका का भारत दौरा - 2017 में 3 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को टीम इंडिया ने 3-0 के अंतर से जीता।
- टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा - इस साल की शुरुआत में 3 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम इंडिया ने 2-1 से बाजी मारी।
- निदाहास टी-20 ट्राई सीरीज - फाइनल में बांग्लादेश को हराकर चैंपियन बनी टीम इंडिया।
- टीम इंडिया का आयरलैंड दौरा - हाल ही में 2 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को टीम इंडिया ने 2-0 के अंतर से जीता।
- टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा - रविवार को 3 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से सीरीज जीतकर बनी चैंपियन।