विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: फाइनल के लिए भारतीय टीम का एलान, इन खिलाड़ियों को मिली जगह
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल साउथम्प्टन में खेला जाएगा।
विस्तार
टीम इंडिया ने मंगलवार को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में हनुमा विहारी को शामिल किया गया है, जबकि मयंक अग्रवाल और अक्षर पटेल को टीम में जगह नहीं मिली। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत और ऋद्धिमान साहा दोनों को टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाजी मोहम्मद सिराज भी इस टीम का हिस्सा हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले इस खिताबी मुकाबले में केवल तीन दिन का समय बचा है। क्रिकेट फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार है। सबके जेहन में यही सवाल गूंज रहा है कि दोनों देशों के बीच होने वाले इस खिताबी जंग में कौन सी टीम बाजी मारेगी। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका है। यदि भारतीय टीम फाइनल को जीतने में सफल रहती है तो वह विराट की कप्तानी में पहली बार आईसीसी का कोई बड़ा टूर्नामेंट अपने नाम करेगी।
शार्दुल, मयंक और वाशिंगटन बाहर
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उमेश यादव, मोहम्मद शमी और हनुमा विहारी चोटिल हो गए थे। शार्दुल के अलावा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्लेइंग 11 में शामिल रहे मयंक अग्रवाल और वाशिंगटन सुंदर को भी 15 सदस्यीय टीम से बाहर रखा गया है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के नायक अक्षर पटेल भी इसमें जगह बनाने से चूक गए।
भारतीय टीम इस प्रकार है:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान) अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज।
🗒️ #TeamIndia announce their 15-member squad for the #WTC21 Final 💪 👇 pic.twitter.com/ts9fK3j89t
— BCCI (@BCCI) June 15, 2021
न्यूजीलैंड ने भी आज ही डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए अपनी 15 सद्स्यीय टीम का एलान किया है। कीवी चयनकर्ताओं द्वारा घोषित इस टीम में नियमित कप्तान केन विलियमसन की वापसी हुई है। बीमार होने की वजह से वह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। दूसरी ओर विकेटकीपर बल्लेबाज बीजे वाटलिंग पीठ की चोट से परेशान थे। उनको भी टीम में शामिल किया गया है। केन और वाटलिंग के अलावे टिम साउथी और धांसू ऑलराउंडर कॉलिन डि ग्रैंडहोम की भी वापसी हुई है।
न्यूजीलैंड की टीम इस प्रकार है:
केन विलियमसन (कप्तान), टॉम बलंडेल, ट्रेंट बोल्ट, डेवोन कॉन्वे, कोलिन डि ग्रैंडहोम, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, ट़ॉम लाथम, हेनरी निकोल्स, अयाज पटेल, टिम साउदी, रॉस टेलर, नील बैगनर, बीजे वाटलिंग, विल यंग।
The @BLACKCAPS have named a 15-member squad for the #WTC21 Final 👇 pic.twitter.com/g2T4XNCrMW
— ICC (@ICC) June 15, 2021