पहले ही वनडे में बनाई हैट्रिक, टीम ने किया 5-0 से क्लीन स्वीप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांग्लादेश के फिरकी गेंदबाज तैजुल इस्लाम ने ढाका के शेरे-बंगाल स्टेडियम में लाजवाब खेल दिखाते हुए जिंबाब्वे के खिलाफ 4 विकेट महज 8 गेंदों के अंदर झटक लिए, जिससे मेहमान टीम बड़ा स्कोर खड़ा नही कर सकी। उन्होंने 7 ओवर में 2 मेडन के साथ 4 विकेट झटके और सिर्फ 11 रन दिए। वनडे इतिहास में तैजुल पहले गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने अपने पहले ही मैच में हैट्रिक बनाने का कारनामा कर दिखाया।
तैजुल की हैट्रिक के कारण जिंबाब्वे की पूरी टीम 30 ओवर में महज 128 रन बनाकर आउट हो गई। जवाब में मेजबान बांग्लादेश ने 24.3 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सीरीज के पांचवें मैच में 5 विकेट से जीत हासिल करने के साथ ही मेजबान बांग्लादेश ने वनडे इतिहास में पहली बार 5 मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है।
33 रनों के अंदर टीम ने गंवाए 9 विकेट
तैजुल इस्लाम ने हैट्रिक की शुरुआत मेहमान टीम की पारी 27वें ओवर की अंतिम गेंद पर तिनाशे पान्यांगारा (0) को बोल्ड करके की। इसके बाद अपने अगले ओवर में उन्होंने पहली 2 गेंदों पर जॉन यूम्बू (3) और तंदई चतारा (0) को पवेलियन की राह दिखाकर हैट्रिक पूरी की। वह वनडे में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के चौथे गेंदबाज हैं। इससे पहले शहादत हुसैन, अब्दुर रज्जाक और रुबेल हुसैन हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके हैं।
तैजुल का यह पहला वनडे मैच है, इससे पहले उन्होंने 5 टेस्ट मैच खेले हैं। जिसमें उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा और 5 मैच में उन्होंने 25 विकेट झटके हैं।
जिंबाब्वे का स्कोर एक समय 18वें ओवर में एक विकेट पर 95 रन था और उसने अपने शेष 9 विकेट महज 33 रनों के अंदर गंवा दी। तैजुल से पहले शाकिब अल हसन (3/30) और जुबैर हुसैन (2/41) ने मेहमान टीम की कमर तोड़ दी थी। शाकिब ने जिंबाब्वे की पारी का अंतिम विकेट लिया। जिंबाब्वे की ओर से ओपनर हैमिल्टन मास्कजदा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए, जबकि वुशी सिबांदा ने 37 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा शेष बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
जवाब में बांग्लादेश ने सधी शुरुआत की लेकिन 47 रन तक 3 विकेट गंवा देने से टीम पर संकट के बादल दिखने लगे थे। हालांकि छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्ला टीम ने संयम से खेलते हुए 15 ओवर में 73 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों टीमें लंच पर चली गईं क्योंकि जिंबाब्वे की पारी 30 ओवर में ही सिमट गई थी।
लंच से लौटने पर महमुदुल्लाह (नाबाद 51) ने 10 चौकों के साथ अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को जीत के द्वार पहुंचा ही दिया। टीम ने 25वें ओवर में ही जीत का लक्ष्य हासिल करते हुए सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया।