सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दोहराया इतिहास: टी-20 विश्व 2010 में पाकिस्तान पर भारी पड़े थे माइकल हसी, इस बार मैथ्यू वेड ने छीना मैच
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2021 का सेमीफाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेला गया। मैथ्यू वेड ने ऑस्ट्रेलिया को मैच जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शाहीन शाह अफऱीदी के एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
विस्तार
संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप 2021 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेला गया। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पांच विकेट से शिकस्त दी। इस हार के बाद विश्व कप में पाकिस्तान का सफर थम गया। ऑस्ट्रेलिया को अंतिम 24 गेंदों पर मैच जीतने के लिए 50 रनों की जरूरत थी। जो उसने एक ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। कंगारू बल्लेबाजों ने जिस तरह इस अंतिम ओवरों में पाकिस्तान के गेंदबाजों पर प्रहार किया ऐसी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। कुल मिलाकर इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया साल 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल का इतिहास दोहराने में सफल रहा।
2010 में माइकल हसी ने फेरा था पानी
14 मई 2010 को टी-20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच ग्रॉस आइलेट में खेला गया। पाकितस्तान ने इस मैच पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 191 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने के लिए अंतिम ओवर में 18 रनों की दरकार थी। उस समय क्रीज पर मिशेल जॉनसन और माइकल हसी मौजूद थे। ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंतिम ओवर फेंकने सईद अजमल आए। उनकी पहली गेंद पर जॉनसन ने एक रन लेकर स्ट्राइक हसी को दे दी। इसके बाद अजमल की दूसरी और तीसरी गेंद पर हसी ने लगातार छक्के लगाए। चौथे गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को एकदम जीत करीब पहुंचा दिया। इसके बाद अजमल की पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का लगाकर माइकल हसी ने ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचा दिया। हसी ने यह पारी ऐसे वक्त खेली थी जब ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने के लिए चार ओवर में 60 रन बनाने थे। उस मैच में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए माइकल हसी 24 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद रहे थे। अपनी उस आतिशी पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और छह छक्के लगाए थे।
11 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने फिर दोहराया इतिहास
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2021 का दूसरा सेमीफाइनल मैच 11 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 176 रन बनाए। सीने में संक्रमण के चलते दो दिन आईसीयू में रहने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 67 रनों की पारी खेली। उनके अलावा फखर जमां ने नाबाद 55 रन बनाए। वहीं, बाबर आजम 39 रन बनाकर आउट हुए। 177 रनों का टारगेट हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक ओवर शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। कंगारू टीम को आखिरी दो ओवर में मैच जीतने के लिए 22 रन बनाने थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की पारी का 19वां ओवर शाहीन अफरीदी फेंकने आए। उनकी पहली गेंद पर स्टोइनिस रन लेने में नाकाम रहे। दूसरी गेंदबाज लेग बाई के रूप एक रन मिला और अब स्ट्राइक मैथ्यू वेड के पास थी। तीसरी गेंद वाइड रही। अगली गेंद पर वेड ने हवा में स्ट्रोक खेला लेकिन हसन अली ने कैच छोड़ दिया। इसके बाद शाहीन अफरीदी की चौथे, पांचवीं और छठी गेंद पर छक्कों की हैट्रिक लगाते हुए मैथ्यू वेड ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। वेड ने अपनी इस आक्रामक पारी के दौरान 17 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाए जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे।