सानिया के मियां का भी बल्ला बोला, 7 साल बाद किया बल्ले से ऐसा कमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय महिला टेनिस की सुपर स्टार सानिया मिर्जा का यह साल सफलताओं से भरा हुआ है। उनकी सफलता में एक और कड़ी पिछले हफ्ते उस समय जुड़ गई जब उन्होंने मार्टिना हिंगिस के साथ विंबलडन में महिला युगल का खिताब जीत लिया।
सानिया ने पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम में महिला युगल का खिताब जीता है। इससे पहले उन्होंने अपने सभी ग्रैंड स्लैम मिश्रित युगल में जीते थे। टेनिय युगल रैंकिंग में भी वह पहले पायदान पर हैं।
पत्नी सानिया मिर्जा की ऐतिहासिक सफलता को देखकर उनके पति और पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक भी अपने पुराने रंग में लौट आए हैं और कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका दौरे पर गई पाक टीम को भले ही पांच मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में रोमांचक संघर्ष के बाद हार मिल गई हो लेकिन शोएब ने अपने करियर में 2008 के बाद ऐसी लाजवाब बल्लेबाजी की है।
2008 के बाद चला बल्ला, दोहराया अपना ही कारनामा
सानिया मिर्जा के पति और पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाते हुए 51 रनों को योगदान दिया। इससे पहले उन्होंने पहले मैच में भी अर्धशतक लगाया था। जिस दिन उन्होंने पहला अर्धशतक लगाया था उसी दिन सानिया ने विंबलडन में महिला युगल का खिताब जीता था।
14 अक्टूबर, 1999 को अपना वनडे करियर शुरू करने वाले शोएब का करियर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। इस साल वर्ल्ड कप के बाद कई बड़े खिलाड़ियों के संन्यास लेने के बाद शोएब की पाक टीम में वापसी हुई थी। इससे पहले उन्होंने 15 जून, 2013 को इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ अपना अंतिम वनडे मैच खेला और इसके बाद वह टीम से बाहर कर दिए गए। फिर वह 2 साल के लंबे इंतजार के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज से पाक टीम में लौटे और पहले ही मैच में शानदार शतक ठोंक दिया।
फिलहाल वह इस समय श्रीलंका में अपनी टीम के साथ हैं और वनडे सीरीज खेल रहे हैं। सीरीज के शुरुआती दोनों वनडे में उन्होंने लगातार अर्धशतकीय पारियां (नाबाद 55 और 51 रन) खेली है। ऐसा उन्होंने करीब 7 साल बाद किया है जब लगातार 2 वनडे में अर्धशतक लगाए हों।
इससे पहले शोएब ने जून, 2008 में लगातार 2 वनडे में अर्धशतक लगाए थे। 26 जून, 2008 को उन्होंने कराची में भारत के खिलाफ नाबाद 125 रन बनाए। फिर इसके बाद उन्होंने अगले ही मैच में श्रीलंका के खिलाफ 52 रनों की पारी खेली। आज से 7 साल पहले उन्होंने लगातार दो मैचों में अर्धशतक लगाए थे और वह भी दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ। लेकिन इस बार उन्होंने एक ही टीम के खिलाफ यह कारनामा कर डाला।
उन्होंने अपने वनडे करियर में 6 बार कम से कम लगातार दो मैचों में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है। शोएब ने 1999 से लेकर 2015 तक के अपने करियर में 221 वनडे मैच खेले जिसमें 8 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं।
रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने फिर हराया पाक को
पल्लेकल में खेले गए पांच मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे मैच में रोमांचक संघर्ष के बाद मेजबान श्रीलंका ने पाकिस्तान को 11 गेंद शेष रहते 2 विकेट से हरा दिया। पहला मैच पाकिस्तान ने जीता था जिससे सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर पहुंच गई है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाक ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 287 रन बनाए। उसके लिए कप्तान और ओपनर अजहर अली ने सर्वाधिक 79 रनों का योगदान दिया। अजहर के अलावा मोहम्मद रिजवान ने 52 और पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने 51 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से लसित मलिंगा और सचित पाथीराना ने दो-दो विकेट निकाले।
जवाब में श्रीलंका ने जोरदार शुरुआत की और शानदार शुरुआत के दम पर मैच जीत लिया। उसकी ओर से ओपनर कुशल परेरा ने टीम के लिए सर्वाधिक 68 रन बनाए। दिनेश चंडीमल अंत तक 48 रन बनाकर नाबाद रहे। पाक गेंदबाज राहत अली ने 3 विकेट लेकर टीम को जीत की उम्मीद जगाई लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाज 2 विकेट से मैच जीतने में कामयाब हो गए। सीरीज का तीसरा वनडे 19 जुलाई को खेला जाएगा।
श्रीलंका ने चौथी बार पाकिस्तान को वनडे क्रिकेट में 2 विकेट के छोटे से अंतर से हराया है। साथ ही 288 रनों के लक्ष्य को हासिल कर श्रीलंका ने श्रीलंका में दूसरे सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया है। जबकि श्रीलंका में सबसे बड़े लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड 289 रनों का है।