सानिया मिर्जा के पति के दिन भी बदलने लगे, मिली एक और बड़ी खुशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का यह साल बेहद शानदार साबित हो रहा है तो उनके पाकिस्तानी पति और क्रिकेटर शोएब मलिक भी उनकी सफलता के पद्चिन्हों पर चलते हुए लगातार राष्ट्रीय टीम में बने हुए हैं।
पाक के पूर्व कप्तान शोएब पिछले कुछ समय से टीम का नियमित हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन वह टेस्ट टीम में वापसी की आस पूरी होती नहीं दिख रही थी। लेकिन करीब 5 साल के लंबे इंतजार के बाद उनके करियर की सबसे बड़ी खुशखबरी आई है। उन्हें पाक की टेस्ट टीम में फिर से शामिल कर लिया गया है।
शोएब टीम में ऑलराउंडर की भूमिका में हैं और उन्हें यूएई में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जानी वाली टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम के लिए वापस बुलाया गया है। उन्होंने आखिरी बार अगस्त 2010 में टेस्ट मैच खेला था।
पाक के पूर्व कप्तान की टीम में वापसी के लिए टीम प्रबंधन में चयनकर्ताओं से यह गुजारिश की थी कि उन्हें टेस्ट टीम में शामिल कर लिया जाए क्योंकि सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी को देखते हुए वह टीम के लिए मददगार साबित हो सकते हैं। साथ ही वह एक अच्छे गेंदबाज भी हैं।
बेहद शानदार जा रहा है शोएब मलिक का यह साल
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया था कि टीम मैनेजर इंतिखाब आलम ने मुख्य चयनकर्ता हारुन रशीद से शोएब मलिक को पाक की टेस्ट टीम में वापस बुलाने की गुजारिश की थी। मलिक ने 2 साल के लंबे इंतजार के बाद इस साल मई में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी।
वापसी के बाद लाहौर वनडे में शोएब ने शानदार शतक भी लगाया था। इस साल उन्होंने अब तक 11 वनडे खेले हैं जिसमें एक शतक और 3 अर्धशतक के दम पर 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। साथ ही 6 टी-20 मैचों में 118 रन बनाए हैं। पिछले दिनों शोएब ने हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ 96 रनों की अविजित पारी खेली थी, हालांकि खराब रोशनी के कारण पाक यह मैच हार गया था। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 13 अक्टूबर को अबू धाबी में शुरू होगी।
इस बीच पाक के लिए एक बड़ी खबर झटके के रूप में आ रही है कि हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे मैच में 25 रन देकर 5 विकेट झटकने वाले ऑफ सि्पनर बिलाल आसिफ के एक्शन की रिपोर्ट हो गई है। 30 साल के आसिफ ने इसी सीरीज के दूसरे मैच से अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी लेकिन उनके एक्शन पर सवाल उठने लगे हैं। उनके पास एक्शन में सुधार के साथ 14 दिन के अंदर आईसीसी की समिति के समक्ष पेश होना होगा।