फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Sana Mir Breaks Silence After controversial Remark Sparks outrage in fans in Women’s World Cup

Sana Mir: सना मीर ने पार की बेशर्मी की हद! विवादित बयान के बाद अब सफाई देती नजर आईं पाकिस्तान की पूर्व कप्तान

Fri, 03 Oct 2025 09:30 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 03 Oct 2025 09:30 AM IST
सार

यह मामला इतना बढ़ गया कि आईसीसी (ICC) तक के रडार पर है। हालांकि, अभी तक आईसीसी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

विज्ञापन
Sana Mir Breaks Silence After controversial Remark Sparks outrage in fans in Women’s World Cup
सना मीर और नतालिया - फोटो : Instagram, Jio Hotstar Screen Grab

विस्तार

महिला वनडे विश्व कप 2025 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एक बड़ी विवादित घटना सामने आई। पुरुषों के एशिया कप में भारतीय टीम से मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। गुरुवार को महिला वनडे विश्व कप के मुकाबले में पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर ने ऐसा बयान दिया, जिसके बाद नए विवाद का जन्म हो गया। मौजूदा समय में टूर्नामेंट में कमेंट्री कर रहीं सना मीर ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके को आजाद कश्मीर कहकर पुकारा, जिससे सोशल मीडिया पर जबरदस्त बवाल खड़ा हो गया। यह मामला इतना बढ़ गया कि आईसीसी (ICC) तक के रडार पर है। हालांकि, अभी तक आईसीसी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
विज्ञापन

 

कमेंट्री के दौरान विवादित टिप्पणी
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश के मैच में सना मीर ने पाकिस्तान की बल्लेबाज नतालिया परवेज का जिक्र करते हुए कहा कि, "फातिमा सना बहुत युवा टीम की कप्तानी कर रही हैं। हां, उन्होंने क्वालिफायर जीता है, लेकिन इन खिलाड़ियों में से कई बिल्कुल नई हैं। नतालिया, जो कश्मीर से आती हैं...आजाद कश्मीर से...वह लाहौर में ज्यादा क्रिकेट खेलती हैं। उन्हें अपनी ज्यादातर क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है।" यानी उन्होंने पहले नतालिया को कश्मीर से आने वाली खिलाड़ी बताया, लेकिन तुरंत ही खुद को सुधारते हुए विवादित और आपत्तिजनक बयान दे डाला और आजाद कश्मीर कह दिया। यही शब्द बवाल की असली वजह बना।

मामला क्यों संवेदनशील बना? 
'आजाद कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से लंबे समय से किया जाता रहा है। भारत पूरे जम्मू-कश्मीर, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भी शामिल है, को अपना अभिन्न और संप्रभु हिस्सा मानता है। भारत सरकार के मुताबिक, पीओके पर पाकिस्तान का कब्जा अवैध है और इसे तुरंत खाली किया जाना चाहिए। भारत ने लगातार इस क्षेत्र को अपने भूभाग के रूप में स्वीकार किया है और संसद ने इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया है। भारत पाकिस्तान से पीओके से अपनी सैन्य और प्रशासनिक मौजूदगी हटाने की मांग करता है और इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक बातचीत को प्राथमिकता देता है। ऐसे में विश्व कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता के दौरान सना मीर का इस शब्द का उपयोग करना सीधे-सीधे एक राजनीतिक संदेश माना गया। यही कारण है कि सोशल मीडिया पर उन्हें कठघरे में खड़ा किया गया।
 

सोशल मीडिया पर बवाल
सोशल मीडिया पर तो सना मीर का जबरदस्त विरोध हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे राजनीतिक बयानबाजी बताया और आईसीसी से कार्रवाई की मांग की। भारत में तो खासकर इस टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोग कहने लगे कि सना मीर ने खेल को राजनीति से जोड़कर खेल भावना को ठेस पहुंचाई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) खेल में राजनीति को लाने का सख्त विरोध करता है। हालांकि, पाकिस्तानी अपनी शर्मनाक बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे हैं। पुरुषों के एशिया कप में विवादित और आपत्तिजनक इशारे के बाद अब महिला वनडे विश्व कप में भी पाकिस्तान ने अपनी ओछी हरकत नहीं छोड़ी है।
 

सना मीर की सफाई
विवाद बढ़ता देख सना मीर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल नतालिया के संघर्षों को सामने लाना था, न कि किसी को आहत करना या किसी तरह की राजनीतिक टिप्पणी करना।

सना ने लिखा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बात को बेवजह तूल दिया जा रहा है और खेल से जुड़े लोगों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है। मेरे कमेंट का उद्देश्य सिर्फ इतना था कि एक खिलाड़ी ने जिस क्षेत्र से आकर संघर्ष किया और अपनी जगह बनाई, उसकी कहानी सबके सामने रखी जाए। यह हमारी कमेंट्री का हिस्सा होता है कि हम खिलाड़ियों की पृष्ठभूमि और उनकी प्रेरणादायक यात्रा को दर्शकों तक पहुंचाएं। इसमें न कोई बुरी नीयत थी और न ही किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा।'

'कृपया इसे राजनीतिक न बनाएं'
सना मीर ने आगे कहा, 'मैंने आज कमेंट्री के दौरान दो अन्य खिलाड़ियों के बारे में भी यही किया। बताया कि वे किस क्षेत्र से आती हैं और किन संघर्षों से गुजरी हैं। कृपया इसे राजनीति से न जोड़ें। बतौर कमेंटेटर हमें खेल, टीमों और खिलाड़ियों पर फोकस करना होता है और उनकी हिम्मत और संघर्ष की कहानियां दुनिया के सामने लानी होती हैं।'

नतालिया की प्रोफाइल का हवाला
सना मीर ने अपने बचाव में नतालिया परवेज की एक प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जो कि एक नामी क्रिकेट वेबसाइट का दिखाई पड़ता है। हालांकि, ये ओरिजनल है या फोटोशॉप इसकी पुष्टि नहीं है। उन्होंने कहा कि कमेंट्री से पहले वह खिलाड़ियों पर रिसर्च करती हैं और उसी रिसर्च के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली थी। सना ने लिखा, 'मैं खिलाड़ियों की जानकारी के लिए जो स्रोत इस्तेमाल करती हूं, उसी का स्क्रीनशॉट भी संलग्न कर रही हूं। संभव है कि अब उसमें बदलाव किया गया हो, लेकिन मैंने जो कहा वह वहीं से लिया था।'
 
अपना दोष किसी और पर मढ़ा!
सना का यह स्क्रीनशॉट जिस वेबसाइट का है, वहां अब ऐसी कोई जानकारी नहीं दिख रही। अभी परवेज की प्रोफाइल देखने पर पाकिस्तान एडमिनिस्टर्ड कश्मीर दिखाई पड़ता है। सवाल तो यह भी उठता है कि सना मीर ने किसी और वेबसाइट पर प्रोफाइल क्यों चेक किया, जबकि नतालिया पाकिस्तान से खेलती हैं तो उन्हें इस टैलेंट के बारे में जानकारी नहीं थी? दूसरी बात यह है कि उन्होंने भले ही प्रोफाइल देखी हो लेकिन क्या उन्हें इस विवाद का पता नहीं था? इसके बावजूद उन्होंने यह बयानबाजी की और जानबूझकर बवाल खड़ा किया।


 

आईसीसी की चुप्पी
इस पूरे विवाद पर अब तक आईसीसी ने कोई बयान नहीं दिया है। लेकिन क्रिकेट से जुड़े जानकारों का मानना है कि विश्व कप जैसे इवेंट में राजनीतिक बयानबाजी को जगह नहीं मिलनी चाहिए। ऐसे मामलों में कमेंटेटर्स को तटस्थ और पेशेवर रवैया अपनाना चाहिए। इतना ही नहीं, पुरुषों के एशिया कप के दौरान सूर्यकुमार का पहलगाम हमले का जिक्र करना राजनीतिक टिप्पणी मानी गई थी और उन पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन यहां तो भारत के अभिन्न अंग को लेकर पाकिस्तान विवादित टिप्पणी से पीछे नहीं हट रहा है।

क्या होगा आईसीसी का अगला कदम?
सना मीर ने भले ही अपने बयान पर सफाई दे दी हो, लेकिन उनका यह विवादित कमेंट क्रिकेट मैदान से ज्यादा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। साफ है कि खेल और राजनीति को मिलाना हमेशा ही विवाद को जन्म देता है, और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आईसीसी इस मामले में क्या कदम उठाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed