रणजी ट्रॉफी राउंड-अपः तरूवर कोहली का तिहरा शतक तो मनदीप ने लगाई डबल सेंचुरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बायें हाथ के स्पिनर आकाश वशिष्ठ (7/33) के करिअर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत हिमाचल प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी में तीसरे ही दिन तमिलनाडु को 71 रन से हराया। टेस्ट स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (4/55) की अच्छी गेंदबाजी से तमिलनाडु ने हिमाचल को दूसरी पारी में 154 रन पर समेट दिया। इससे तमिलनाडु को जीत के लिए 217 रन का लक्ष्य मिला लेकिन टीम खेल के तीसरे ही दिन 67.5 में 145 रन पर ढेर हो गई। उसके चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। ओपनर करुणाकरण मुकुंथ ने सर्वाधिक 48 और कप्तान बाबा अपराजित ने नाबाद 43 रन बनाए। हिमाचल को इस जीत से छह अंक मिले।
आंध्र ने दिल्ली को हार की ओर धकेला
रिकी भुई (144*) की शानदार शतक से पहली पारी में 153 रन की बढ़त हासिल करने वाले आंध्र ने बायें हाथ के तेज गेंदबाज सीवी स्टीफन (4/47) की घातक गेंदबाजी से दिल्ली के शीर्ष क्रम को झकझोर कर जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। दिल्ली ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 89 रन पर ही छह विकेट गंवा दिए हैं। उसे पारी की हार से बचने के लिए 64 रन की दरकार है। स्टंप के समय ललित यादव 23 और विकास मिश्रा सात रन बनाकर क्रीज पर थे। स्टीफन ने कुणाल चंदेला (19), कुवंर बिधूड़ी (02) व हितेन दलाल (13) को बोल्ड किया जबकि जोंटी सिद्धू (09) को विकेट के पीछे कैच कराया। मध्यम गति के गेंदबाज केवी शशिकांत ने कप्तान नीतीश राणा (08) और अनुज रावत (00) को पवेलियन भेजा। इससे पहले आंध्र ने भुई के शतक से पहली पारी 368 रन बनाए।
मनदीप का दोहरा शतक
पंजाब ने कप्तान मनदीप सिंह (204*) के नाबाद दोहरे शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से हैदराबाद पर शिकंजा कस दिया है। मनदीप ने अपनी पारी में 301 गेंदें खेली और 22 चौके व तीन छक्के लगाए। उनके अलावा अनमोल मल्होत्रा ने 80 और करण काइला ने नाबाद 54 रन बनाए जिससे पंजाब ने पहली पारी छह विकेट पर 443 रन बनाकर घोषित कर दी। पहली पारी में 242 रन बनाने वाले हैदराबाद की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 30 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। उसे पारी की हार से बचने के लिए अब भी 171 रन की जरूरत है।
सत्र का पहला तिहरा शतक कोहली के नाम
तरूवर कोहली इस रणजी सत्र में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। कोहली की 307 रन की पारी नाबाद पारी और कप्तान केबी पवन के 102 रन से मिजोरम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ अपनी पहली नौ विकेट पर 620 रन बनाकर घोषित कर दी। इससे मिजोरम को पहली पारी में 277 रन की बढ़त मिली। पहली पारी में 343 रन बनाने वाले अरुणाचल ने खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 143 रन बनाए हैं। वह अभी मिजोरम से 134 रन पीछे है।
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का मैच ड्रॉ की ओर
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के पहली पारी के 281 रन के जवाब में कर्नाटक ने 321 रन बनाकर 40 रन की बढ़त ली। जवाब में उत्तर प्रदेश ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 21 रन बनाए थेे। अल्मास शौकत छह और माधव कौशिक 19 रन बनाकर क्रीज पर थे। पहली पारी के शतकवीर आर्यन जुयाल खाता भी नहीं खोल सके। यूपी अभी 11 रन पीछे है जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं। इससे पहले कर्नाटक ने चार विकेट पर 168 रन से आगे खेलते हुए 321 रन बनाए। श्रेयस गोपाल ने 58, अभिषेक रेड्डी 32 और अभिमन्यु मिथुन ने नाबाद 34 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश की ओर से सौरभ कुमार ने छह विकेट चटकाए।