रणजी ट्रॉफी राउंडअपः बंगाल और कर्नाटक की जीत से दिल्ली नॉकआउट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बंगाल ने पंजाब और कर्नाटक ने बड़ौदा के खिलाफ जीत दर्ज कर रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। इसके साथ ही दिल्ली की टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गई। ग्रुप ए और बी के क्रास पूल से पांच टीमों को अंतिम आठ में पहुंचना था। गुजरात, सौराष्ट्र और आंध्र पहले ही टिक कटा चुके हैं।
शाहबाज ने पांच को 190 पर समेटा
पंजाब यहां तीसरे दिन जीत के लिए 190 रन चाहिए थे लेकिन पूरी टीम 47.3 ओवर में 141 रन पर आउट हो गई। रमनदीप सिंह ने नाबाद 69 और मनदीप सिंह व अनमोल मल्होत्रा ने 17-17 रन बनाए। बंगाल के बांये हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने दूसरी पारी में चार और पहली पारी में सात सहित कुल 11 विकेट चटकाए। इससे पहले बंगाल ने दिन की शुरुआत नौ विकेट पर 199 रन से की लेकिन तीन रन जोड़कर टीम का आखिरी विकेट गिर गया।
उधर, बंगलूरू में कर्नाटक ने बड़ौदा को आठ विकेट से पराजित किया। पहली पारी में महज 85 रन पर आउट होने वाली बड़ौदा की टीम ने दूसरी पारी में 296 रन बनाकर कर्नाटक को जीत के लिए 149 रन का लक्ष्य दिया। कर्नाटक ने इस लक्ष्य को कप्तान करुण नायर के नाबाद 71 रन के दम पर 44.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। के सिद्धार्थ ने नाबाद 29 रन बनाए।
दिल्ली ने राजस्थान को दिया फॉलोऑन
अशोक मनेरिया (119) की कप्तानी पारी के बावजूद दिल्ली ने राजस्थान की पहली पारी 299 रन पर समेट कर उसे फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। अन्य कोई भी बल्लेबाज 30 के संख्या तक भी नहीं पहुंचा। दिल्ली के लिए सिमरजीत सिंह ने चार और कंवर बिधूड़ी व शिवम शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। दिल्ली ने पहली पारी में 623 रन बनाए थे। फॉलोऑन खेलते हुए राजस्थान ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 128 रन बना लिए थे। स्टंप के समय महिपाल लोमरोर 64 और रितुराज सिंह 11 रन बनाकर क्रीज पर थे। टीम को पारी की हार से बचने के लिए 196 रन और बनाने होंगे।
उत्तर प्रदेश को जीत के लिए चाहिए 458 रन
आकाश वशिष्ठ (141) और निखिल गंगटा (102) की शतकीय पारियों और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 133 रन की साझेदारी से हिमाचल प्रदेश ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 433 रन बनाकर घोषित कर दी। अंकुश बैंस 22 और मयंक डागर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे उत्तर प्रदेश को जीत के लिए 535 रन का विशाल लक्ष्य मिला। इसका पीछा करते हुए उसने 77 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। आर्यन जुयाल 38 रन बनाकर क्रीज पर थे। वैभव अरोड़ा ने दो रन के भीतर समीर रिजवी (13), अक्शदीप नाथ (00) और मोहम्मद सैफ (01) को पवेलियन भेजकर उत्तर प्रदेश को एक के बाद एक तीन झटके दिए। उत्तर प्रदेश को अभी भी जीत के लिए 458 रन की दरकार है।
हरियाणा जीत से 121 रन तो जेएंडके पांच विकेट दूर
जयंत यादव (7/58) के करिअर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ने हरियाणा ने जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ मुकाबले में वापसी की। मेहमान टीम ने जीत के लिए मिले 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। हरियाणा को अंतिम दिन जीत के लिए 121 रन और मेजबान को पांच विकेट की दरकार है। चैतन्य बिश्नोई ने 31, हिमांशु राणा और यश शर्मा ने 24-24 रन बनाए। स्टंप के समय रोहित शर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर थे जबकि पहली पारी के शतकवीर अजीत चंदीला को अभी खाता खोलना है। जेएंडके लिए रसूल ने तीन विकेट चटकाए। सुबह जेएंडके की दूसरी पारी 50.1 ओवर में 174 रन पर सिमट गई। सूर्यांश रैना ने 38, कप्तान परवेज रसूल ने 29, फजल राशिद ने 19 और जियाद माग्रे 16 रन बनाए। हरियाणा के लिए राहुल तवेतिया ने दो विकेट लिए। जम्मू एंड कश्मीर ने 340 रन बनाने के बाद हरियाणा को 291 रन पर समेटकर बढ़त हासिल की थी।