कौन होगा बीसीसीआई अध्यक्ष: राजीव शुक्ला के खास हो गए शरद पवार के वजीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीसीसीआई का अध्यक्ष कौन होगा, गुत्थी निंरतर उलझती जा रही है। इस बार शरद पवार के एक खास ने राजीव शुक्ला का दामन थाम लिया है। अदालती लड़ाई के जरिए एन श्रीनिवासन के नकेल डालने वाले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव आदित्य वर्मा अब तक शरद पवार के गुणगान करते आए हैं।
लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्मा आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला को बोर्ड अध्यक्ष का सही दावेदार मान रहे हैं। वर्मा का कहना है कि जिस तरह के हालात बने हैं और जस्टिस आरएम लोढ़ा कमेटी का फैसला आना बाकी है।
वह आगे कहते हैं कि अगर शुक्ला अध्यक्ष बनते हैं तभी बीसीसीआई की नैया पार लग सकती है। वर्मा का मानना है कि आने वाले समय में शुक्ला पर आम सहमति भी बन सकती है।
श्रीनिवासन खेमे की नजदीकी शुक्ला से
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव आदित्य वर्मा वर्मा का कहना है कि राजीव शुक्ला की दावेदारी इस वजह से भी मजबूत लगती है कि वह श्रीनिवासन कैंप के भी नजदीक हैं और वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी उनके नाम पर आपत्ति नहीं हो सकती है। ऐसे में उनकी नजरों में शुक्ला का दावा सबसे मजबूत लगता है।
वहीं वर्मा यह भी कहते हैं कि बुधवार को मद्रास हाईकोर्ट में चेन्नई सुपरकिंग्स के प्रतिबंध को लेकर फैसला होना है। यह फैसला श्रीनिवासन कैंप की रणनीति तय करेगा।
वहीं सूत्र यह भी बताते हैं कि शरद पवार कैंप की ओर से जो रणनीति बनाई जा रही है, उसमें एन श्रीनिवासन पर भी दांव फेंका जा सकता है। पवार को अध्यक्ष बनने के लिए पूर्व क्षेत्र से दो वोट चाहिए हैं। यह दो वोट श्रीनिवासन के पास हैं। सुनने में यह भी आया है कि पवार कैंप की ओर से यह कोशिश की जा सकती है कि श्रीनिवासन पर डोरे डाल कर यह दो वोट हासिल किए जाएं।