{"_id":"5ca37ebfbdec2214046f02aa","slug":"pakistan-bans-ipl-broadcast-alleging-india-made-an-organised-effort-to-harm-cricket-in-his-country","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान ने IPL के प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध, कहा- यह हमारे क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहा","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
पाकिस्तान ने IPL के प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध, कहा- यह हमारे क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहा
Tue, 02 Apr 2019 08:54 PM IST
सोनू शर्मा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: सोनू शर्मा
Updated Tue, 02 Apr 2019 08:54 PM IST
विज्ञापन
DHONI IPL
- फोटो : File photo
पाकिस्तान ने मंगलवार को देश में इंडियन टी-20 लीग मैचों के प्रसारण को प्रतिबंधित करते हुए आरोप लगाया कि भारत ने पाकिस्तान में खेल को 'नुकसान' पहुंचाने के लिए 'संगठित प्रयास' किया है।
विज्ञापन
सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। इमरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान भी हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। चौधरी ने कहा, 'भारत ने पाकिस्तान में क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने का संगठित प्रयास किया है और यह हमारे यहां भारत के घरेलू टूर्नामेंट का प्रचार करने की स्वीकृति देने का कोई मतलब नहीं है।'
विज्ञापन
उन्होंने साथ ही कहा कि पाकिस्तान में लीग और क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने के लिए भारतीय आधिकारिक प्रसारणकर्ता पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के चौथे सत्र के प्रसारण से टूर्नामेंट के बीच में पीछे हट गया था।
फरवरी में भारत में पीएसएल के आधिकारिक प्रसारणकर्ता डीस्पोर्ट ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पुलवामा में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद विरोध में टूर्नामेंट की कवरेज रोक दी थी। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।
भारतीय कंपनी आईएमजी रिलायंस भी दुनिया भर में पीएसएल की टेलीविजन कवरेज करने के करार से पीछे हट गई थी, जिसके बाद इस टी-20 लीग को टूर्नामेंट के बीच में नई प्रोडक्शन कंपनी ढूंढनी पड़ी थी।
चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण सुनिश्चित करेगा कि इंडियन टी-20 लीग के किसी मैच का पाकिस्तान में प्रसारण नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार का मानना है कि खेल और संस्कृति का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों और कलाकारों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया है।
इनपुट: भाषा