पाक क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, 100 अंतरराष्ट्रीय T20 जीतने वाली बनी दुनिया की पहली टीम
पाकिस्तान ने रविवार को तीसरे व निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस जी के साथ ही वह 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर (85*) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर आठ विकेट खोकर 164 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने आठ गेंदे शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद रिजवान (42) और बाबर आजम (44) के अलावा हसन अली का अहम योगदान रहा। हसन अली ने छक्के के साथ इस मैच को जिताया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से तबरेज शम्सी ने 25 रन देकर चार विकेट झटके। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मोहम्मद नवाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, मोहम्मद रिजवान को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।
बता दें कि पाकिस्तान ने अभी तक 164 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें पाकिस्तान को 100 मैचों में जीत मिली है, जबकि 59 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दरअसल, तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान ने तीन रन से जीता था, जबकि दूसरे टी-20 में मेजबान टीमको छह विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
Victory in Lahore brings up the 💯 for Pakistan@TheRealPCB are the first men’s team to reach a century of T20I wins pic.twitter.com/mBJ5RqClxh
— ICC (@ICC) February 14, 2021
हार के बाद भी मिलर ने बनाया खास रिकॉर्ड
डेविड मिलर ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड दर्ज किया। मिलर ने 45 गेंदों में सात छक्के और पांच चौके की मदद से 85 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान के खिलाफ मिलर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारी खेली। इस मामले में उन्होंने श्रीलंका के कुशल परेरा को पीछे छोड़ा दिया। परेरा ने टी-20 में पाकिस्तान के खिलाफ 84 रन की पारी खेली थी।