ऐतिहासिक पल: आज के दिन ही पाकिस्तान ने रचा था इतिहास, श्रीलंका को हराकर जीता टी-20 विश्व कप
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने आज के दिन 2009 में श्रीलंका को टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में हराकर पहली बार खिताब जीता था। इस फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 8 विकेट से पटखनी दी।
विस्तार
पाकिस्तान क्रिकेट फैन्स के लिए आज का दिन बेहद खास है। 21 जून 2009 को पाकिस्तान ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर श्रीलंका को हराकर पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता। इस खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 8 विकेट से पटखनी दी। ये ओवर ऑल दूसरा टी-20 विश्व कप था। इससे पहले साल 2007 में साउथ अफ्रीका में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। पाकिस्तान टीम लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी।
इस फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की। टीम की शुरुआत काफी खराब रही और पहला विकेट उस समय गिर गया जब श्रीलंका का खाता भी नहीं खुला था। पारी की शुरुआत करने आए सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
इस मुकाबले में पूरी श्रीलंकाई टीम संघर्ष करते नजर आई। कुमार संगकारा को छोड़ दिया जाए तो टीम के बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे कुछ नहीं कर सके। संगकारा ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 64 रन बनाए। वहीं एंजेलो मैथ्यूज 35 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 138 रनों का स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की तरफ से अब्दुल रज्जाक ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए।
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शाहजैब हसन और कामरान अकमल ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। कामरान 37 और शाहजैब 19 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान शाहिद अफरीदी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद पर नाबाद 54 रन ठोंक दिए। जबकि शोएब मलिक ने उनका साथ निभाते हुए नॉट आउट 24 रन बनाए।
इन दोनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तान को इस मैच में एकतरफा जीत दिलाई। पाकिस्तान ने जीत के लिए 139 रनों का टारगेट 18.4 ओवर में पूरा कर लिया। श्रीलंका की ओर से सफल गेंदबाज मुरलीधरन और जयसूर्या रहे। इन दोनों ने 1-1 विकेट लिया। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले शाहिद अफरीदी को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। वहीं पूरे विश्व कप में धमाल मचाने वाले तिलकरत्ते दिलशान को प्लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।