ENGvWI: हार से समूचे इंग्लैंड में बेचैनी, बटलर समेत पूरी बल्लेबाजी आक्रमण पर सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कार्यवाहक कप्तान बेन स्टोक्स के फैसले पर सवाल उठाने के बाद भी टीम के लिए बल्लेबाजी 'सरदर्द' बनी हुई है।जर्मेन ब्लैकवुड की शानदार बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज ने चार विकेट की यादगार जीत दर्ज कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त कायम कर ली।
अनुभवी स्टुअर्ड ब्रॉड को टीम में शामिल नहीं करने पर मैच से पहले ही इस फैसले पर सवाल उठने लगे थे। स्टोक्स ने इसके बाद टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो टीम के खिलाफ गया। इंग्लैंड की पहली पारी 204 रन पर सिमट गई थी। हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, 'ब्रॉड के मुद्दे या टॉस जीत कर बल्लेबाजी के फैसले पर ध्यान नहीं भटकाइये। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 204 रन पर आउट हो गयी। यह अब भी उनकी लिए सरदर्द की तरह है।'
उन्होंने कहा, 'टीम ने दक्षिण अफ्रीका में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन यहां इंग्लैंड में ड्यूक गेंद से वह पारी की शुरुआत में लड़खड़ा गये और रूट की गैरमौजूदगी में यह किसी बुरे सपने की तरह था। इंग्लैंड के लिए यह अब भी अहम मामला है।'
दोनों टीमें यहां से मैनचेस्टर रवाना होगी जहां तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा मुकाबला गुरुवार से खेला जाना है। हुसैन का मानना है कि इंग्लैंड को श्रृंखला जीतने के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किये गये बल्लेबाजी प्रदर्शन को दोहराना होगा। उन्होंने कहा, 'ओल्ड ट्रैफर्ड में उन्हें अच्छी पिच मिलेगी। रूट वापस आ गए हैं और उन्हें वैसी बल्लेबाजी करनी होगी जैसा कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड में किया था। उन्हें 204 पर आउट होने से बचना होगा।'
हुसैन ने कहा कि इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज को कमतर आंका, अगर यह एशेज श्रृंखला का मैच होता तो ब्रॉड जरूर खेलते। उन्होंने कहा, 'ब्रॉड के बारे में मैं बस इतना ही कहूंगा कि अगर यह एशेज श्रृंखला का पहला टेस्ट होता, तो क्या वह खेल रहे होते। मैं कहूंगा, हां, 100 फीसदी? तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे थे?'
बटलर के पास करियर को बचाने के लिए दो टेस्ट मैच है
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदगाज डेरेन गॉ का मानना है कि लय हासिल करने की कोशिश कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर वेस्टइंडीज के खिलाफ बाकी बचे दो मैचों में अगर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके तो टीम में उनकी जगह खतरे में है।
बटलर पिछली 12 पारियों में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में जर्मेन ब्लैकवुड का कैच टपका दिया था। ब्लैकवुड ने 95 रन की पारी खेल वेस्टइंडीज को चार विकेट से जीत दिला दी थी।
इंग्लैंड के लिए 58 टेस्ट में 229 विकेट लेने वाले गॉ ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, 'मेरा मानना है कि बटलर के पास अपने करियर को बचाने के लिए दो और टेस्ट मैच है।' गॉ ने कहा, 'वह एक शानदार प्रतिभा है, बहुत सारे बच्चे उस से प्रेरणा लेते है। उसके पास हर तरह का शॉट है। टेस्ट क्रिकेट में हालांकि आपको जल्दी आउट होने से बचना होता है और वह ऐसा नहीं कर पा रहे है।'
गॉ ने कहा कि इंग्लैंड को स्टुअर्ड ब्रॉड और क्रिस वोक्स को टीम में शामिल करना चाहिए जिन्हें कार्यवाहक कप्तान बेन स्टोक्स ने नजरअंदाज किया था। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है ब्रॉड टीम में होंगे। मैं वुड और एंडरसन को विश्राम देकर ओल्ड ट्रैफर्ड में ब्रॉड और वोक्स के साथ जाना पसंद करूंगा। एक के बाद एक लगातार टेस्ट मैच है, ऐसे में आप रोटेशन नीति अपनाकर तीसरे मैच में एंडरसन और वुड्स को वापस ला सकते है।'