'करो या मरो' के मुकाबले से पहले पाक के लिए अच्छी खबर
बांग्लादेश के खिलाफ मैच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए करो या मरो का सवाल है। हालांकि इससे पहले टीम के लिए एक अच्छी खबर आई है। आज भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे मैच होगा। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच होने की उम्मीद है। वहीं, अगर बांग्लादेश इस मैच को जीत जाता है तो वह सीधा फाइनल में प्रवेश कर जाएगा, जहां उसका मुकाबला भारत से 6 मार्च को होगा।
अगर पाकिस्तान टीम इस मैच को जीतने में सफल हो जाता है तो उसके पास टूर्नामेंट में फाइनल में पहुंचने का सुनहरा मौका है। बांग्ला कप्तान मशरफे मुर्तजा और उनकी टीम इस मुकाबले को जीतकर अपने आलोचकों को गलत साबित करना चाहेगी और साथ ही टी-20 विश्व कप से पहले अपने आत्मविश्वास में इजाफा करने की कोशिश करेगी।
मैच से पहले पाक को अच्छी खबर
बांग्लादेश के खिलाफ करो या मरो मुकाबले से पहले पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर आई है। बांग्लादेश के तेज और खतरनाक गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान चोट के चलते टीम से बाहर हैं। उनके न होने से बांग्लादेश टीम बैकफुट में जरुर है लेकिन अपने घर में इस करिश्माई टीम को हराना आसान भी नहीं है।
मुस्ताफिजुर की चोट मेजबान टीम के लिए चिंता का सबब है। इस तेज गेंदबाज की विविधता निश्चिततौर पर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को परेशान कर सकती थी। वहीं, पाक को सोमवार को यूएई के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बांग्लादेश के लिए यह अच्छी खबर है कि उसके सीनियर बल्लेबाज तमीम इकबाल की टीम में वापसी हुई है जो अपने पहले बच्चे के बाद टीम से जुड़ गए हैं। मुस्ताफिजुर की जगह टीम में अबु हैदर को जगह मिली है।