विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: फाइनल में भारतीय टीम कर सकती है संघर्ष, पनेसर ने बताई वजह
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम कर सकती है संघर्ष- मोंटी पनेसर
- भारत-न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से 22 जून तक खेला जाएगा डब्ल्यूटीसी का फाइनल
- अगर परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल रही तो न्यूजीलैंड को होगा फायदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि साउथम्प्टन के एजेस बाउल में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मे अगर परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल रही तो फिर भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। पनेसर ने कहा कि इंग्लैंड में इस समय बारिश और ठंड जैसा मौसम है और अगर 18 जून से शुरू होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल के समय भी ऐसे हालात रहे तो न्यूजीलैंड को फायदा होगा। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच डब्ल्यूटीसी का फाइनल मैच 18 जून से 22 जून तक खेला जाएगा।
भारतीय बल्लेबाजों से बेहतर खेलते न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
पनेसर ने इंग्लैड से फोन पर समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, 'इस समय काफी बारिश हो रही है। अगर मौसम ऐसा ही रहा तो भारत और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के बीच दिलचस्प मुकाबला होगा। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज स्विंग होती गेंद को भारतीय बल्लेबाजों से बेहतर खेलते हैं।' उन्होंने कहा, 'ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि टेस्ट मैच के दौरान गेंद स्विंग कर रही है या नहीं और भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड की तुलना में इसका सामना कैसे करते हैं।'
ऐसा रहा तो परिस्थितियां भारत के लिए अधिक अनुकूल होंगी
बाए हाथ के इस पूर्व स्पिनर ने कहा कि अगर साउथम्प्टन में उस समय मौसम साफ रहा और धूप खिली रही तो ऐसी परिस्थितियां भारत के लिए अधिक अनुकूल होंगी। पनेसर को यह भी उम्मीद जताई कि आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) इस मुकाबले के लिए घसियाले पिच की जगह एक तटस्थ विकेट तैयार करेगा क्योंकि डब्ल्यूटीसी फाइनल को को पांच दिवसीय मैच के खेल के लिए एक अच्छा विज्ञापन माना जाएगा।
गेंदबाजों का संयोजन
उन्होंने कहा, 'एजेस बाउल में जल निकासी (बारिश के बाद मैदान सूखने) की शानदार प्रणाली है। आम तौर पर आपको वहां अच्छा गर्म मौसम मिलता है। उम्मीद है कि यह मुकाबला चार या पूरे पांच दिनों तक चलेगा।' उन्होंने कहा, 'ऐसी स्थिति में भारतीय टीम दो स्पिनरों (रविचंद्रन अश्विन और रविद्र जडेजा) और तीन तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकती है। अगर मौसम साफ रहा तो भारत का पलड़ा भारी होगा। यह बहुत हद तक परिस्थितियों पर निर्भर करता है।' भारतीय टीम दो जून को इंग्लैंड पहुंचेगी और उसे अभ्यास के लिए 10 दिन से थोड़ा अधिक समय मिलेगा।
भारत के लिए एक्स-फैक्टर साबित होंगे जडेजा
वहीं, पनेसर ने कहा, न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में जडेजा एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं। पिछले कुछ समय में उन्होंने बैट और बॉल दोनों से बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। इंडियन प्रीमियर लीग में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। भारत को डब्ल्यूटीसी फाइनल में रविंद्र जडेजा और आर अश्विन की जोड़ी को प्लेइंग इलेवन में खिलाना चाहिए।
इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडियाः
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, वॉशिंगटन सुंदर, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत, ऋद्धिमान साहा, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव।