न्यूजीलैंड को विश्व कप 2019 के फाइनल तक पहुंचाने में अहम रोल निभाने वाले कोच माइक हेसन ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हेड कोच बनने से इनकार कर दिया। छह साल तक न्यूजीलैंड को कोचिंग देने वाले हेसन ने टीम इंडिया के हेड कोच के लिए आवेदन किया था। रेस में उनका मुकाबला टीम इंडिया के मौजूदा कोच रवि शास्त्री और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी के साथ था।
माइक हेसन को भले ही टीम इंडिया का हेड कोच नहीं बनाया गया हो, लेकिन उन्हें कई अन्य देशों ने कोचिंग की पेशकश की थी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो हेसन सिर्फ टीम इंडिया का हेड कोच बनना चाहते थे। हेसन मानते हैं कि विश्व क्रिकेट में भारतीय टीम का कोच बनना सबसे बड़ा चैलेंज है।
पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि हेसन ने भारत के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश के प्रशिक्षक के लिए भी आवेदन किया था। अब कहा जा रहा है कि हेसन ने दोनों ही प्रस्ताव ठुकरा दिए हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हेसन अब किसी भी टीम को फुलटाइम कोचिंग नहीं देना चाहते। उनकी प्राथमिकता टीवी कॉन्ट्रेक्ट्स को पूरा करना है।
माइक हेसन के कार्यकाल के दौरान न्यूजीलैंड ने 53 टेस्ट मैच खेले थे, इनमें से 21 में उसे जीत मिली थी, जबकि 13 ड्रॉ रहे थे। इसके अलावा टीम ने 119 वनडे में से 65 जीते, वहीं 59 टी-20 मुकाबले खेलकर 30 में जीत हासिल की। साल 2018 में माइक हेसन को आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब का कोच बनाया गया था। इस सीजन में यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी।
विश्व कप के पहले ही उन्होंने साफ कर दिया था पारिवारिक व्यस्तताओं के चलते वो भविष्य में यह पद नहीं संभाल पाएंगे। हाल ही में टीम इंडिया का हेड कोच बनने के लिए जो 6 नाम शॉर्ट लिस्ट किए गए थे, उनमें यह पूर्व किवी कोच भी शामिल था। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हेसन की दिलचस्पी सिर्फ टीम इंडिया का प्रशिक्षक बनने में थी। लेकिन, रवि शास्त्री इस पद पर फिर से चुन लिए गए।