{"_id":"6ad353ab5010b51b0704bc42","slug":"ranji-trophy-shubman-gill-s-return-in-focus-as-second-round-begins-mumbai-misses-yashasvi-jaiswal-and-ayush-2026-10-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"रणजी ट्रॉफी: दूसरे राउंड के मुकाबलों में गिल की वापसी पर रहेंगी नजरें, मुंबई को जायसवाल-म्हात्रे की कमी खलेगी","category":{"title":"Cricket","title_hn":"क्रिकेट","slug":"cricket"}}
रणजी ट्रॉफी: दूसरे राउंड के मुकाबलों में गिल की वापसी पर रहेंगी नजरें, मुंबई को जायसवाल-म्हात्रे की कमी खलेगी
Sun, 18 Oct 2026 08:19 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Sun, 18 Oct 2026 08:19 AM IST
सार
रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में शुभमन गिल की पंजाब टीम में वापसी आकर्षण का केंद्र होगी। पंजाब का सामना छत्तीसगढ़ से होगा। दूसरी ओर, मुंबई को चोटिल आयुष म्हात्रे और भारत ए टीम में शामिल यशस्वी जायसवाल के बिना खेलना होगा। कर्नाटक, हैदराबाद, दिल्ली, सेना, उत्तर प्रदेश और गोवा की टीमें भी अपने अहम मुकाबलों में उतरेंगी।
विज्ञापन
रणजी ट्रॉफी
- फोटो : ANI
विस्तार
रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल पर सबकी निगाहें रहेंगी। रविवार से देशभर में शुरू होने वाले घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट के इस दौर में गिल पंजाब की ओर से खेलते नजर आएंगे। वह पहले दौर में टीम का हिस्सा नहीं थे। पंजाब का अगला मुकाबला छत्तीसगढ़ से होगा।
विज्ञापन
गिल की वापसी ऐसे समय हो रही है, जब उनका बल्ला शानदार प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 334 रन बनाए। दूसरे वनडे में उन्होंने 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
विज्ञापन
पहले दौर में पंजाब को मिली थी बढ़त
गिल की गैरमौजूदगी में भारत की अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान उदय सहारन ने पहले दौर के मुकाबले में पंजाब की कप्तानी की थी। पंजाब ने असम के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल करके तीन अंक अर्जित किए थे। अब टीम छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपने प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी। गिल की मौजूदगी से पंजाब की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
कर्नाटक को तेज गेंदबाजों की वापसी से मजबूती
ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में कर्नाटक की टीम अलूर में सौराष्ट्र से भिड़ेगी। कर्नाटक की कप्तानी ऑलराउंडर श्रेयस गोपाल करेंगे। टीम को बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण की कमी खलेगी, जिन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, चोट से उबरकर लौट रहे प्रमुख तेज गेंदबाज विद्वथ कावेरप्पा और वैशाक विजयकुमार की वापसी से कर्नाटक को मजबूती मिलेगी। इसी ग्रुप में शीर्ष पर मौजूद हैदराबाद की टीम आंध्र के खिलाफ अपनी लय कायम रखना चाहेगी। हैदराबाद ने पहले मैच में त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर बोनस अंक हासिल किया था।
मुंबई को जायसवाल और म्हात्रे की कमी
ग्रुप डी में मुंबई का सामना हिमाचल प्रदेश से होगा। इस मुकाबले में मुंबई को उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की सेवाएं नहीं मिलेंगी, जो चोटिल हैं। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम में चुने जाने के कारण नहीं खेल पाएंगे। मुंबई ने उनकी जगह दिव्यांश सक्सेना और अंगकृष रघुवंशी को टीम में शामिल किया है। दोनों प्रमुख बल्लेबाजों की अनुपस्थिति में मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान पर जिम्मेदारी बढ़ सकती है। टीम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
दिल्ली और सेना के सामने वापसी की चुनौती
ग्रुप सी में दिल्ली और सेना की टीमें अपने शुरुआती मुकाबलों में मिली हार से उबरने उतरेंगी। दिल्ली का सामना गुजरात से, जबकि सेना की भिड़ंत बंगाल से होगी। गुजरात और बंगाल ने अपने पहले मैच जीते थे। बंगाल ने दिल्ली को नौ विकेट से हराया था और अब वह अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा।
उत्तर प्रदेश की नजरें दूसरी जीत पर
ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश का मुकाबला गोवा से होगा। उत्तर प्रदेश ने पहले दौर में बिहार को पारी और 267 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी। दूसरी ओर, गोवा को बड़ौदा के खिलाफ पारी और 135 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में गोवा के सामने वापसी करने की चुनौती होगी।
प्लेट ग्रुप में अनुभवी घरेलू क्रिकेटर नीलम ओबी सिक्किम के खिलाफ अरुणाचल प्रदेश की कप्तानी करेंगी। प्रशासनिक संकट के कारण अरुणाचल प्रदेश की टीम पहले दौर का मुकाबला नहीं खेल पाई थी। अब टीम मैदान पर उतरकर अपने अभियान की शुरुआत करने की कोशिश करेगी।