दिल्ली फिर अंतिम गेंद पर हारी, रॉयल्स 3 विकेट से जीता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-8 के छठे मुकाबले में बेहद खराब शुरुआत के बाद युवा बल्लेबाज दीपक हुड्डा की आतिशी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 3 विकेट से हरा दिया। लगातार दूसरी बार अंतिम गेंद पर मैच गंवाने वाली दिल्ली की लगातार यह 11वीं हार है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
दिल्ली में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने बेहद कांटेदार संघर्ष में अंतिम गेंद पर विजयी चौका मारकर 185 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। उसकी ओर से मैच के हीरो रहे दीपक हुड्डा जिन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मैच में वापस ले आए। हालांकि फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर ने 4 विकेट झटककर मैच को रोमांचक बना दिया लेकिन अंतिम गेंद पर जब टीम को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे तो टिम साउदी ने चौका मारकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 184 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान जेपी डुमिनी ने नाबाद 44 रन बनाते हुए टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 40 रनों का योगदान दिया।
राजस्थान की ओर से तेज गेंदबाज क्रिस मौरिस को 2 सफलता हासिल हुई, जबकि एक विकेट प्रवीण तांबे को मिला। जबकि दिल्ली की ओर से फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर के 4 विकेट के अलावा अमित मिश्रा ने 2 विकेट झटके।
अच्छी शुरुआत के बाद भी दिल्ली की ओर से नहीं लगी फिफ्टी
टॉस गंवाने के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला और पारी की शुरुआत करने क्रीज पर श्रेयस अय्यर और मयंक अग्रवाल आए। दोनों ने टीम को सधी शुरुआत दिलाई और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाज शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। अग्रवाल ज्यादा मुखर दिखे जिन्होंने लगातार 5 गेंदों में 4 चौके जमाए। हालांकि वह पांचवें ओवर में 43 साल के फिरकी गेंदबाज प्रवीण तांबे की गेंद पर कॉटएंडबोल्ड हो गए। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े।
अग्रवाल ने 21 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के के साथ 37 रनों की पारी खेली। इसके बाद श्रेयस का साथ देने क्रीज पर कप्तान जेपी डुमिनी आए और दोनों ने टीम को छठे ओवर में 50 के पार पहुंचा दिया। तेज गेंदबाज क्रिस मौरिस ने 3 चौका और 3 छक्का लगाकर 40 रन पर खेल रहे श्रेयस को कैच आउट कराया।
श्रेयस के जाने के बाद युवराज सिंह क्रीज पर आए और डुमिनी के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दिल्ली ने 13वें ओवर में सौ रनों के आंकड़े को पार किया। युवराज आज थोडे़ फॉर्म में दिखे और 2 शानदार छक्के भी लगाए लेकिन वह शानदार प्रयास पर सीमा रेखा के पास लपके गए। वह 17 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान डुमिनी ने नाबाद 44 रन बनाए। स्लॉग ओवरों में एंजेलो मैथ्यूज ने 14 गेंदों में 27 रनों (3 चौका और 1 छक्का) की छोटी और नाबाद पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचा दिया।
दीपक हुड्डा की आतिशी पारी ने बदल दिया मैच का रुख
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला के मैदान में 185 रनों का बड़ा लक्ष्य देने के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स को जैसी उम्मीद थी उसे वैसी ही शुरुआत मिली। हालांकि दिल्ली को पहली सफलता पांचवें ओवर में मिली। लेकिन इससे पहले अजिंक्य रहाणे और संजू सैमसन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़ लिए।
श्रीलंकाई आलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने सैमसन (11) को युवराज सिंह के हाथों कैच आउट कराया। इस झटके के बाद टीम के कार्यवाहक कप्तान स्टीवन स्मिथ बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए, लेकिन वह महज 10 रन ही बना सके और अमित मिश्रा की गुगली का शिकार हो गए। इसके बाद मिश्रा ने टीम को एक और सफलता दिलाते हुए करुण नायर (20) को विकेटकीपर केदार जाधव के हाथों स्टंप आउट कराया।
राजस्थान तिहरे झटकों से अभी उबरने में जुटा था कि उसे एक और झटका लग गया। इमरान ताहिर ने स्टुअर्ट बिन्नी (1) को पगबाधा कर चलता किया। 11 ओवर के अंदर उसने 78 रन पर अपने 4 शीर्ष विकेट गंवा दिए। संकट में घिरी राजस्थान टीम के लिए थोड़ी राहत तब मिली जब रहाणे और युवा बल्लेबाज दीपक हुड्डा के बीच 4.3 ओवर में 52 रनों की विस्फोटक साझेदारी हो गई। हालांकि इस साझेदारी में हुड्डा का ज्यादा योगदान रहा जिन्होंने इस साझेदारी में 17 गेंदों में 37 रन जोड़ दिए। 16वें ओवर की पहली गेंद पर इमरान ताहिर ने रहाणे को बोल्ड कर इस साझेदारी का तोड़ दिया।
हुड्डा ने आतिशी पारी खेलते हुए महज 22 गेंदों में अर्धशतक ठोंक दिया। ताहिर ने 19वें ओवर में हुड्डा और जेम्स फॉकनर (17) को आउट कर मैच में रोमांच ला दिया। अंतिम ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे, क्रिस मौरिस और टिम साउदी ने आराम से खेलते हूए टीम को लक्ष्य के करीब ले गए और अब अंतिम गेंद पर टीम को चाहिए थे 3 रन और साउदी ने चौका जड़कर शानदार जीत दर्ज करा दी।