CSK को हराकर MI ने जीत लिया फाइनल का टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-8 के पहले प्लेऑफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 25 रनों से मात देकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मुंबई के 6 विकेट खोकर 187 रनों के जवाब में चेन्नई टीम 162 रन ही बना सकी।
वहीं, दूसरी ओर पुणे में होने वाले दूसरे प्लेऑफ मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर और राजस्थान रॉयल्स में से विनिंग टीम चेन्नई से भिड़ेगी। विजेता टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
मुंबई के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत खराब रही। टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ (0) तेज गेंदबाज लसित मलिंगा का शिकार हुए। 6वें ओवर में विनय कुमार ने माइकल हसी (16) को आउट कर मुंबई को दूसरी सफलता दिलाई। इसी ओवर में सुरेश रैना (25) ने छक्के के साथ टीम का स्कोर 50 के पार किया।
दो झटके खाने के बाद रैना और फैफ डु प्लेसिस (45) ने पहले धीमा खेल दिखाया लेकिन जल्दी ही दोनों लय में आ गए। 11वें ओवर में खतरनाक खेल रहे रैना को हरभजन ने कॉट एंड बोल्ड कर अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई। अगली गेंद पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (0) हरभजन का दूसरा शिकार बने। इसी ओवर में भज्जी अपना तीसरा विकेट लेने से चूक गए। ड्वेन ब्रावो (25) का एक कैच उनसे छूट गया
रनों के लगातार दबाव के चलते चेन्नई के बल्लेबाजों ने तेज हिट लगाने की कोशिश की। नतीजन प्लेसिस के रुप में चेन्नई ने अपना 5वां विकेट खोया। वह फिफ्टी से महज 5 रन से चूके। ब्रावो अनलकी रहे और रन आउट हुए। कुछ देर बाद पवन नेगी (3) भी चलते बने। हालांकि आखिर में आर अश्विन (23) और रविंद्र जडेजा (19) ने रनों में कुछ बढोत्तरी की लेकिन सह टीम को जीत नहीं दिला सकी।
MI के बल्लेबाजों ने CSK के छुड़ाए पसीने
इससे पहले टॉस जीतकर मुंबई का पहले बल्लेबाजी चुनना टीम के लिए फायदेमंद रहा। पिछले मैच में हैदराबाद के खिलाफ शानदार ओपनिंग करने वाले लिंडल सिमंस (65) और पार्थिव पटेल (35) ने इस बार भी अपनी टीम को निराश नहीं किया। हालांकि शुरुआती कुछ ओवरों में दोनों को लय हासिल करने में समय जरुर लगा। सिमंस चेन्नई के गेंदबाजों पर हावी दिखे। सिमंस के अलावा पार्थिव ने भी मैदान में खुलकर शॉट्स लगाए। पटेल ने पवन नेगी के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। इस बीच सिमंस ने ताबड़तोड़ शॉट्स के साथ अपनी फिफ्टी पूरी की।
मुंबई के बल्लेबाजों के चेन्नई पर लगातार हावी होने के बीच ड्वेन ब्रावो ने गेंदबाजी संभाली और अपने पहले ओवर में 90 के स्कोर पर पटेल को कैच आउट कर अपनी टीम को पहली सफलता का स्वाद चखाया। 14वें ओवर में रविंद्र जडेजा ने सिमंस को आउट कर मुंबई को दूसरा झटका दिया। सिमंस ने अपनी पारी में 5 छक्के और 3 चौके लगाए। दो विकेट गिरने के बाद कप्तान रोहित शर्मा (19) और कीरोन पोलार्ड (41) ने ओपनरों की तरह आते ही रन बरसाने शुरू किए।
लेकिन एक बार फिर ब्रावो अपनी टीम के लिए संकटमोचक बने और खतरनाक लग रहे रोहित को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दिया। मात्र 3 रनों के भीतर मुंबई ने अपने दो अहम विकेट रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या (1) का विकेट गंवाया। हालांकि आखिर में पोलार्ड ने बड़े हिट लगाकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाने का प्रयास जरुर किया। 19वें ओवर में अंबाती रायडू 10 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में चेन्नई ने एक सफलता के साथ 16 रन लुटाए।