IPL 2020: इस टीम के मालिक ने BCCI को दी सलाह, 'हर मैच से पहले बजना चाहिए राष्ट्रगान'
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया ने गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को एक प्रस्ताव भेजा है जिसमें कहा गया है कि 2020 से आईपीएल के हर मैच से पहले राष्ट्रगान बजाया जाना चाहिए।
बात दें कि मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय मैच से ठीक पहले राष्ट्रगान बजता है। वाडिया का मानना है कि विश्व के नंबर वन क्रिकेट लीग में इस नियम का पालन किया जाना चाहिए। इसके अलावा पंजाब के सह-मालिक ने आईपीएल के उद्घाटन समारोह में भारी खर्च में कटौती किए जाने को लेकर बीसीसीआई की सराहना की।
वाडिया ने कहा, 'यह एक शानदार कदम है। यह महत्वपूर्ण है कि हम कोई भी उद्घाटन समारोह नहीं करेंगे। मैंने हमेशा ही उद्घाटन समारोह से इतर किसी अहम चीजों के बारे में सोचा है। बीसीसीआई को जो कदम उठाना चाहिए वह है आईपीएल के हर मैच से पहले राष्ट्रगान को बजाना अनिवार्य बनाया जाए।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने बीबीसीआई को पहले ही इस संबंध में लिखा था और अब मैं अध्यक्ष सौरभ गांगुली को भी इस बारे में लिखा है। राष्ट्रगान इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) और प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में बजाया जाता है। यह इंडियन प्रीमियर लीग है। हमें इस पर गर्व होना चाहिए कि हमारे पास एक बेहतरीन राष्ट्रगान और एक बेहतरीन लीग है। नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए) के हर मैच से पहले भी राष्ट्रगान बजता है।'