वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को भी लगा झटका
वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पाकिस्तान, फिर भारत और अब ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में आ गई है। मामला फिटनेस को लेकर है।
दरअसल, वर्ल्ड कप से पहले लगभग सभी टीमों के खिलाड़ियों पर अपनी फिटनेस साबित करने का दबाव है। पहले पाकिस्तानी टीम के तेज गेंदबाज जुनैद खान अपनी फिटनेस साबित न कर पाने की वजह से वर्ल्ड कप से बाहर हो गए।
फिर टीम इंडिया के चार बल्लेबाजों रोहित शर्मा, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और रविंद्र जडेजा पर फिटनेस की तलवार लटक रही है। इन पर फैसला 7 फरवरी को लिया जाएगा।
पर अब फिटनेस को लेकर पहले ही जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई दूसरी बार बड़ा झटका लगा है।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर फॉकनर की फिटनेस चिंता
वर्ल्ड कप 2015 में फिटनेस की समस्या मेजबान ऑस्ट्रेलिया के लिए भी संकट का विषय है। हाल ही में सर्जरी के बाद टीम में लौटे कप्तान माइकल क्लार्क की फिटनेस में सुधार हुआ तो अब टीम के ऑलराउंर जेम्स फॉकनर टीम के लिए परेशानी बन गए हैं।
दरअसल, त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मैच में फॉकनर पेट में खिंचाव के चलते गेंदबाजी भी नहीं कर पाए थे। उन्हें तुरंत ड्रेसिंग रुम भेज दिया गया था। पेट की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते फॉकनर का इंग्लैंड के खिलाफ उद्घाटन मुकाबले से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के फिजियोथेरेपिस्ट एलेक्स कोंटूरिस ने कहा है कि स्कैन में जेम्स की चोट की पुष्टि हुई है। अब दो हफ्ते तक उनका इलाज चलेगा, जिसके बाद ही कहा जा सकेगा कि वह कब से बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर सकेंगे।
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंर फॉकनर ने वर्ल्ड कप से पहले अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में जौहर दिखाते हुए टीम के लिए संजीवनी का काम किया।