IPL 2026: संजू सैमसन की पुरानी ख्वाहिश का खुलासा, सीएसके में गायकवाड़ के साथ खेलना चाहते थे; जानिए पूरा मामला
संजू सैमसन पहले से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना चाहते थे और उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ से कहा था कि वह उनके नेतृत्व में खेलना पसंद करेंगे। अब सैमसन इस सीजन सीएसके में शामिल हो गए हैं और टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी माने जा रहे हैं।
विस्तार
ऋतुराज गायकवाड़ ने एक दिलचस्प खुलासा किया है कि संजू सैमसन की लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलने की इच्छा थी। गायकवाड़ ने बताया कि सैमसन ने उनसे यह भी कहा था कि वह उनके नेतृत्व में खेलना चाहते हैं।
गायकवाड़ ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
सीएसके के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान गायकवाड़ ने बताया कि कुछ साल पहले इंग्लैंड में दोनों के बीच इस विषय पर चर्चा हुई थी। उस समय गायकवाड़ टीम के कप्तान नहीं थे और एमएस धोनी टीम की कमान संभाल रहे थे।गायकवाड़ ने कहा, 'हमारी दो-तीन साल पहले इंग्लैंड में बातचीत हुई थी। संजू मुझसे चेन्नई के माहौल और टीम कल्चर के बारे में पूछ रहे थे। मैंने उनसे कहा कि आप दक्षिण भारत से हैं, तो आपको इस टीम के लिए खेलना जरूर सोचना चाहिए।'
उन्होंने आगे बताया कि सैमसन ने जवाब दिया कि अगर मौका मिला तो वह जरूर सीएसके से जुड़ना चाहेंगे। गायकवाड़ के मुताबिक, सैमसन ने यह भी साफ किया था कि वह कप्तानी के लिए टीम में नहीं आना चाहते, बल्कि एक खिलाड़ी के रूप में खेलना पसंद करेंगे। गायकवाड़ ने कहा, 'संजू ने मुझसे कहा था मैं कप्तान बनने के लिए नहीं आना चाहता। मैं आपके अंडर खेलना चाहता हूं। यह आपकी टीम है और मैं एक खिलाड़ी के रूप में खुश रहूंगा।'
इस सीजन में सैमसन 18 करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर चेन्नई में शामिल हुए हैं। वह हाल ही में टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, जहां उन्होंने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता और लगातार तीन अर्धशतक लगाए। वहीं, गायकवाड़ के सामने इस सीजन बड़ी चुनौती है, क्योंकि सीएसके पिछले सीजन में अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। खुद गायकवाड़ भी चोट के कारण पिछले सीजन में बीच में बाहर हो गए थे। चेन्नई अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में खेलेगी।