{"_id":"63f6169bc35e1459220eb571","slug":"ipl-2023-chennai-super-kings-may-get-a-big-blow-ben-stokes-may-leave-ipl-midway-to-prepare-for-ashes-2023-02-22","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IPL 2023: CSK को लग सकता है बड़ा झटका, एशेज की तैयारी के लिए आईपीएल बीच में छोड़ कर जा सकते हैं बेन स्टोक्स","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IPL 2023: CSK को लग सकता है बड़ा झटका, एशेज की तैयारी के लिए आईपीएल बीच में छोड़ कर जा सकते हैं बेन स्टोक्स
Wed, 22 Feb 2023 07:13 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Wed, 22 Feb 2023 07:13 PM IST
सार
आईपीएल फाइनल 28 मई को खेला जाएगा, जबकि आयरलैंड बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच की शुरुआत इसके चार दिन बाद यानी एक जून से लॉर्ड्स में होगी। इसके तुरंत बाद एशेज सीरीज की शुरुआत हो जाएगी।
विज्ञापन
बेन स्टोक्स और धोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
आईपीएल 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होगी। 52 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 74 मैच खेले जाएंगे। इनमें 70 लीग राउंड और चार प्लेऑफ मैच होंगे। फाइनल 28 मई को खेला जाएगा। प्लेऑफ का शेड्यूल अब तक जारी नहीं किया गया है। लीग का पहला मैच 31 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। हालांकि, आईपीएल शुरू होने से पहले ही महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली सीएसके के लिए एक बुरी खबर सामने आई है।
विज्ञापन
स्टोक्स आईपीएल छोड़ कर जा सकते हैं
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर और टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स आईपीएल बीच में छोड़कर ही जा सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोक्स ने कन्फर्म कर दिया है कि वह आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट और एशेज की तैयारी के लिए आईपीएल के कमिटमेंट को कम करेंगे। स्टोक्स को इस साल ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। स्टोक्स मौजूदा समय में क्रिकेट के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक माने जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
एशेज खेलना चाहते हैं बेन स्टोक्स
बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो
- फोटो : सोशल मीडिया
स्टोक्स ने हाल ही में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज के दौरान कहा था कि पिछले साल एशेज मिस करने के बाद वह इस साल यह सीरीज खेलना चाहते हैं। हालांकि, शुक्रवार को आईपीएल के शेड्यूल के एलान के बाद उनका समीकरण कुछ बिगड़ता दिखा। आईपीएल फाइनल 28 मई को खेला जाएगा, जबकि आयरलैंड बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच की शुरुआत इसके चार दिन बाद यानी एक जून से लॉर्ड्स में होगी। इसके तुरंत बाद एशेज सीरीज की शुरुआत हो जाएगी।
ईसीबी ने खिलाड़ियों पर नरमी बरती
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स
- फोटो : ECB
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में मौजूद खिलाड़ियों के लिए आईपीएल का आखिरी हिस्सा मिस करना आम बात है। खासतौर पर तब जब इंग्लैंड में जून से कई महत्वपूर्ण मुकाबलों की शुरुआत हो रही है। हालांकि, पिछले कुछ समय में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय कमिटमेंट और टी20 लीग में खेलने को लेकर नरमी बरती है। इंग्लैंड के मेंस क्रिकेट के डायरेक्टर रॉब की और टेस्ट कोच ब्रैंडन मैकुलम ने खिलाड़ियों पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने को लेकर कोई दबाव नहीं बनाया है। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज में इंग्लैंड के कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी नहीं खेले थे और उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग खेलने की घोषणा की थी।
आईपीएल को छोड़ इंग्लैंड को तरजीह
बेन स्टोक्स और ब्रैंडन मैकुलम
- फोटो : सोशल मीडिया
स्टोक्स इंग्लैंड की टीम के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। कप्तान होने के साथ वह एक ऑलराउंडर के तौर पर टीम को बैलेंस करते हैं। अपनी कप्तानी में स्टोक्स ने इंग्लैंड को पिछले 11 टेस्ट में से 10 में जीत दिलाई है। उन्हें इस बात की भी छूट है कि वह आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट ड्रॉप कर दें और सीधे एशेज के लिए पहुंचें, जैसा कि पिछले साल न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट ने किया था। हालांकि, स्टोक्स ने आईपीएल को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय कमिटमेंट को तरजीह दी है।
कई इंग्लिश प्लेयर्स आईपीएल बीच में छोड़ सकते हैं
इंग्लैंड की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
स्टोक्स से जब पूछा गया कि क्या वह आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट खेलेंगे, तो उन्होंने कहा- बिल्कुल, मैं खेलूंगा। मैं देख रहा हूं कि इस टेस्ट से पहले मैं खुद को इंग्लैंड वापस आने और मैच रेडी करने के लिए ज्यादा से ज्यादा समय दे सकूं। स्टोक्स के जाने से सीएसके को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि ऑक्शन में स्टोक्स पर ही उन्होंने सबसे बड़ा दांव लगाया था। इतना ही नहीं यह भी देखा जाना बाकी है कि स्टोक्स के अलावा और कितने इंग्लिश खिलाड़ी आईपीएल को बीच में छोड़कर जाते हैं। इस साल आईपीएल में इंग्लैंड के आठ टेस्ट प्लेयर्स खेलते दिखेंगे, जो कि ECB के सआथ फुल टाइम कॉन्ट्रैक्ट पर हैं।
आठ खिलाड़ी आईपीएल में दिखेंगे
इंग्लैंड की टीम सीरीज जीतने के बाद
- फोटो : सोशल मीडिया
इनमें स्टोक्स के अलावा हैरी ब्रुक, जो रूट, मार्क वुड, जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, जोफ्रा आर्चर और सैम करन शामिल हैं। ईसीबी इनके लिए किसी तारीख की घोषणा कर सकता है। ऐसे में सिर्फ सीएसके नहीं कई टीमों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्टोक्स ने कहा है कि वह सभी खिलाड़ियों से बात करेंगे कि एशेज से पहले वह टीम को एकजुट करने में क्या भूमिका निभा सकते हैं। स्टोक्स ने यह भी कहा कि अगर कुछ खिलाड़ी चाहें तो वह आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट को मिस कर सकते हैं।
सभी खिलाड़ियों से उनकी राय लेंगे स्टोक्स
एमएस धोनी सीएसके की टीम के साथ
- फोटो : सोशल मीडिया
स्टोक्स ने कहा- मैं शायद सभी खिलाड़ियों के पास जाऊंगा और उनसे पूछूंगा कि वे एशेज के लिए कब तक तैयार रहना चाहते हैं, क्योंकि वे पांच मैच स्पष्ट रूप से हमारे लिए बड़े मैच हैं। हालांकि, आपको यह भी सोचना होगा कि खिलाड़ी क्या चाहते हैं।