MI vs SRH: मुंबई के खिलाफ मोहम्मद नबी का खास रिकॉर्ड, IPL में ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी
मुंबई के खिलाफ खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने बतौर क्षेत्ररक्षक एक खास रिकॉर्ड बनाया। अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने सनराइजर्स को 42 रनों से हराया था।
विस्तार
आईपीएल 2021 का 55वां मुकाबला शुक्रवार को मुंबई इंडियंस और सनराइर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस मैच में सनराइजर्स के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने व्यक्तिगत तौर पर खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने आईपीएल के एक मैच में किसी भी फिल्डर द्वारा सबसे अधिक कैच लपकने का कीर्तिमान बनाया। नबी ने मुंबई के खिलाफ मैच में पांच कैच लपके। नबी ने इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा, सूर्य कुमार यादव, जिमी नीशम, क्रुणाल पांड्या और नाथन कुल्टर नाइल के कैच पकड़े। नबी आईपीएल के एक मैच में बतौर क्षेत्ररक्षक पांच कैच पकड़ने वाले वह दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं।
कुमार संगकारा ने पकड़े थे पांच कैच
नबी से पहले कुमार संगकारा ने साल 2011 में विकेटकीपर के तौर पर पांच कैच पकड़े थे। उन्होंने यह रिकॉर्ड डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बनाया था। वहीं, नबी की बात करें तो वह इस मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए और अपने तीन ओवर में 33 रन लुटाए। जबकि, बल्लेबाजी में भी वह बहुत कारगर साबित नहीं और महज तीन रन बनाकर आउट हुए। मुंबई के खिलाफ खेले गए मैच में उन्हें विलियमनस की जगह टीम में शामिल किया गया था।
मुंबई ने 42 रनों से हराया
अबू धाबी में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 235 रन बनाए। मुंबई की ओर से ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़े। ईशान ने 32 गेदों पर 84 रनों की पारी खेली जबकि, सूर्यकुमार 40 गेंदों पर 82 रन बनाकर आउट हुए। 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई यह मुकाबला 42 रनों से अपने नाम किया। मैच में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेलने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।