राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 16 रनों के अंतर से हरा दिया। शारजाह में खेले गए मुकाबले में राजस्थान की टीम स्टीव स्मिथ की अगुवाई में मैदान में उतरी। बटलर और स्टोक्स जैसे स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बावजूद राजस्थान ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया।
IPL 2020: राजस्थान ने चेन्नई को चटाई धूल, इन पांच खिलाड़ियों के दम पर RR ने जीत के साथ किया आगाज
संजू सैमसन
विकेटकीपर बल्लेबाज और राजस्थान के उप-कप्तान संजू सैमसन ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने पहले बल्ले से और फिर विकेट के पीछे जलवा बिखेरा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सैमसन ने मात्र 32 गेंदों में ताबड़तोड़ 74 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक चौका और नौ छक्के लगाए। इतना ही नहीं सैमसन ने विकेट के पीछे भी दो शानदार कैच और दो स्टंपिंग की।
स्टीव स्मिथ
चोट से उबरने के बाद खेलने उतरे स्टीव स्मिथ ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम के लिए जमकर रन बटोरे। उन्होंने 47 गेंदों में 69 रन बनाए और सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी निभाई। स्मिथ ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और चार छक्के जड़े।
जोफ्रा आर्चर
अपनी धारदार गेंदबाजी के लिए मशहूर आर्चर ने बल्ले और गेंद दोनों से ही जबरदस्त प्रदर्शन किया। आर्चर ने पहले बल्लेबाजी में नौंवें नंबर पर आकर तूफानी पारी खेली और मात्र आठ गेंदों में चार छक्के की मदद से नाबाद 27 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में किफायती रहते हुए चार ओवर में 26 रन दिए और डुप्लेसिस का बड़ा विकेट अपने नाम किया।
राहुल तेवतिया
पिछले सीजन में दिल्ली की तरफ से खेलने वाले राहुल तेवतिया को राजस्थान ने इस बार अपनी साथ जोड़ा। उनका यह फैसला पहले मैच में ही सही साबित हुआ। तेवतिया ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर की गेंदबाजी में तीन विकेट अपने नाम किए। राहुल ने पहले वाटसन को बोल्ड किया और फिर नौंवें ओवर की आखिरी दो गेंदों में सैम करन और ऋतुराज गायकवाड़ को अपना शिकार बनाया। तेवतिया ने बल्लेबाजी में भी आठ गेंदों में 10 रन का योगदान दिया।