IPL 2019: राहुल के शतक पर पोलार्ड ने फेरा पानी, रोमांचक मैच में पंजाब को 3 विकेट से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किरोन पोलार्ड (83) की धमाकेदार पारी की बदौलत मुंबई ने बुधवार को जीत का 'चौका' लगाया। यहां के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मेजबान मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंकतालिका में 8 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 7 विकेट खोकर यह मैच 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। जोसेप 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तानी पारी खेलने के लिए पोलार्ड को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 31 गेंदों में 10 छक्के और 3 चौके की मदद से 83 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 267.74 का था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन पंजाब के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 3.4 ओवर में मेजबान टीम को डेव्यू बल्लेबाज सिद्धेश लाड (15) के रूप में पहला झटका दिया। पहले विकेट के लिए लाड ने डीकॉक के साथ मिलकर 28 रनों की साझेदारी की। इसके बाद युवा गेंदबाज सैम करन ने सूर्यकुमार यादव (21) को स्थानापन्न खिलाड़ी हेनरिक्स के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
8.5 ओवर में कप्तान अश्विन ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉ के रूप में (24) मुंबई को तीसरा झटका दिया। डेविड मिलर ने डीकॉक का बेहतरीन कैच लपका। इसके बाद 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर ईशान किशन 7 रन बनाकर रनआउट हो गए।
ईशान किशन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 19 रन बनाकर चलते बने। उन्हें मोहम्मद शमी ने मिलर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर शमी ने क्रुणाल पांड्या (1) को मिलर के हाथों कैच आउट कराया।
केएल राहुल (100*) की तूफानी पारी की बदौलत पंजाब ने इंडियन टी-20 लीग के 24वें मुकाबले में मुंबई के सामने जीत के लिए 198 रन का लक्ष्य रखा है। पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए। राहुल के साथ मंदीप सिंह 7 रन बनाकर नाबाद लौटे। बता दें कि केएल राहुल ने 64 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 100 रन की धुआंधार पारी खेली। उन्होंने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
केएल राहुल ने जड़ा तूफानी शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब को क्रिस गेल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने मजबूद शुरुआत दिलाई। मगर 12.5 ओवर में मुंबई के तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ ने गेल को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने 36 गेंदों में 7 छक्के और 3 चौके की मदद से 63 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। गेल ने पहले विकेट के लिए राहुल के साथ मिलकर 116 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की।
इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर पंजाब को डेविड मिलर (7) के रूप में दूसरा झटका दिया। पांड्या ने मिलर को डी कॉक के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।16.5 ओवर में हार्दिक पांड्या नेकरुण नायर (5) को राहुल चाहर के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने सैम करन (8) को डी कॉक के हाथों कैच आउट कराया और पंजाब को चौथा झटका दिया।
इससे पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मेजबान टीम ने पंजाब के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में रोहित शर्मा की जगह किरोन पोलार्ड कप्तानी कर रहे हैं।
बता दें कि इस मुकाबले में मुंबई ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए रोहित शर्मा की जगह सिद्धेश लाड को मौका दिया गया। लाड का यह डेव्यू मैच है। वहीं, पंजाब ने अपनी टीम में दो बदलाव किया। कप्तान अश्विन ने मयंक अग्रवाल की जगह करुण नायर और मुजीब उर रहमान की जगह हार्डुस विजोएन को शामिल किया।
टीमें इस प्रकार हैंः
मुंबई : क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, सिद्धेश लाड, क्रुणाल पांड्या, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड (कप्तान), राहुल चाहर, अल्जारी जोसेफ, जेसन बेहरेनडॉर्फ, जसप्रीत बुमराह।
पंजाब : लोकेश राहुल, क्रिस गेल, करुण नायर, मनदीप सिंह, सरफराज खान, डेविड मिलर, सैम करन, हार्डुस विजोएन, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), अंकित राजपूत, मोहम्मद शमी।