IPL 2019: गेल-राहुल की धमाकेदार पारी, पंजाब ने मुंबई को 8 विकेट से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केएल राहुल (71* रन, 57 गेंद, 6 चौके, 1 छक्के ) और क्रिस गेल (40) की धमाकेदार पारियों की बदौलत पंजाब ने इंडियन टी-20 लीग के 9वें मुकाबले में मुंबई को 8 विकेट से हराकर इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज की।
शनिवार को मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने क्विंटन डीकॉक (60) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 176 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम ने 8 गेंदें शेष रहते ही यह मैच अपने नाम कर लिया। केएल राहुल के साथ डेविड मिलर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस मैच में शानदार पारी खेलने के लिए मयंक अग्रवाल को मैन ऑफ दे मैच चुना गया। उन्होंने केवल 21 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 43 रन बनाए।
मुंबई के 177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब को क्रिस गेल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरआत दिलाई, लेकिन 8वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने मुंबई को बड़ी सफलता दिलाई। क्रुणाल ने पंजाब के खतरनाक बल्लेबाज गेल को अपने भाई हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर पंजाब को तगड़ा झटका दिया।
गेल ने 24 गेंदों में 4 छक्के और 3 चौके की मदद से 40 रन की बेहतरीन पारी खेली। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 53 रनों की साजेदारी हुई। बता दें कि गेल ने आज के मुकाबले में अपने इस 4 छक्के के साथ इंडियन टी-20 लीग में इतिहास रच दिया। वह इस लीग में 300 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम 302 छक्के दर्ज हैं।
इसके बाद 13.3 ओवर में पंजाब को मयंक अग्रवाल को दूसरा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने खुद की गेंद पर कैच लेते हुए मयंक को चलता किया। मंयक अग्रवाल ने 21 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 43 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर 64 रनों की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट चटकाए।
मुंबई की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम को कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डीकॉक की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन 5.2 ओवर में तेज गेंदबाज हार्डस विल्युन ने मुंबई को कप्तान रोहित के रूप में पहला झटका दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 18 गेंदों में 5 चौके की मदद से 32 रन बनाए।
रोहित शर्मा ने आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सुर्यकुमार यादव के रूप में मुंबई को दूसरा झटका लगा। आर अश्विन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। सुर्यकुमार यादव केवल 11 बनाकर डगआउट लौटे। यहां से डीकॉक और युवाराज सिंह ने पारी को संभाला और मुंबई के स्कोर को 120 तक पहुंचाया।
मगर 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने क्विंटन डीकॉक को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने 39 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। डीकॉ ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने युवराज के साथ मिलकर 58 रन की साझेदारी की। डीकॉक के आउट होने के कुछ ही देर बाद मुंबई को युवराज सिंह (18) के रूप में बड़ा झटका लगा। मुरुगन अश्विन ने युवराज को मोहम्मद शमी के हाथों कैट आउट कराकर डगआउट भेजा।
इसके बाद एंड्र्यू टाई ने 17.1 ओवर में किरोन पोलार्ड (7) को आउट कर मुंबई को पांचवां झटका दिया। टाई ने उन्हें मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। 18.3 ओवर में क्रुणाल पांड्या (10) के रूप में मुंबई को छठा विकेट गिरा। हार्डस विल्युन ने उन्हें मुरुगन अश्विन के हाथों कैच आउट कराया।
इसके बाद मुंबई को हार्दिक पांड्या के रूप में सातवां झटका लगा। वह आखिरी ओवर के चौथी गेंद पर आउट हो गए। मोहम्मद शमी ने उन्हें मनदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। हार्दिक ने 19 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए।
पंजाब ने जीता टॉस, लिया पहले गेंदबाजी का फैसला
इससे पहले पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने मुंबई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आज के इस मैच में पंजाब ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। पंजाब के कप्तान आर अश्विन ने वरुण चक्रवर्ती की जगह मुरुगन अश्विन को टीम में शानिल किया है। वहीं, मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
इंडियन टी-20 लीग के पहले दोनों मैचों में विवादों में रही पंजाब की टीम शनिवार को मुंबई के खिलाफ अपने तीसरे मुकाबले में यहां घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगी। पंजाब के लिए शुरुआती दोनों मैच उतार-चढ़ाव से भरे रहे।
पहले मैच में राजस्थान के जोस बटलर को मांकड़िंग करने के लिए कप्तान रविचंद्रन अश्विन की आलोचना हुई तो वही कोलकाता के खिलाफ दूसरे मैच में 30 गज के घेरे के अंदर चार खिलाड़ी नहीं रखने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। जिससे आंद्रे रसेल के आउट होने के बाद उस गेंद को नोबाल करार दिया गया और रसेल ने धमाकेदार पारी खेल कर मैच का रूख बदल दिया।
अश्विन की टीम इन सब को भुल कर यहां के पीसीए स्टेडियम में नयी शुरूआत करना चाहेगी। टूर्नामेंट अभी शुरूआती दौर में है और दोनों टीमों ने एक-एक मैच में जीत दर्ज की है। इस लिहाज से मैच से पहले किसी भी टीम को कमजोर नहीं आंका जा रहा और मुकाबले पर सबकी करीबी नजरें होगी। दोनों टीमों में कई बड़े खिलाड़ी है और वे इस मुकाबले में खुद को साबित करना चाहेंगे।
टीमें इस प्रकार हैंः
पंजाबः केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, सरफराज खान, डेविड मिरल, मनदीप सिंह, आर अश्विन (कप्तान), हार्डस विल्युन, मुरुगन अश्विन, मोहम्मद शमी, एंड्र्यू टाई।
मुंबईः रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, सुर्यकुमार यादव, युवराज सिंह, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, मिचेल मैक्लेनाघन, लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह।