SRHvRCB: विदेशी कप्तान के सामने विराट का असली टेस्ट, इस कारण रोचक होगी जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही सनराइजर्स हैदराबाद जब सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ आईपीएल 2018 के 39वें मुकाबले खेलने उतरेगी तो उसका लक्ष्य अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत करने का होगा। उधर बैंगलोर के सामने अपनी शेष संभावनाओं को कायम रखने का सवाल है।
अपनी मजबूत गेंदबाजी लाइन अप से कई जीत दर्ज करने वाले हैदराबाद ने शनिवार को दिल्ली डेयरडेविल्स को सात विकेट से हराकर यह भी साबित कर दिया कि वे लक्ष्य का पीछा करने में भी सक्षम हैं। सनराइजर्स ने प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं लेकिन फिर भी टीम के सामने कुछ मुद्दे हैं। ओपनर शिखर धवन की धीमी स्ट्राइक रेट और मध्यक्रम की बल्लेबाजी उनकी चिंता का सबब है।
विराट की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए हर मैच जीतना जरूरी है। साथ ही उसे यह उम्मीद भी करनी होगी कि प्लेऑफ की रेस में अन्य नतीजे भी उसके अनुकूल रहें। अभी तक बेंगलोर के खाते में 9 मैचों में तीन जीत ही हैं। हैदराबाद की गेंदबाजी इस सीजन में लाजवाब रही है। उनके गेंदबाज सभी टीमों पर अपना दबदबा बनाने में सफल रहे हैं।
स्पिनर राशिद खान, तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा और स्पिन ऑलराउंडर शाकिब अल हसन सभी प्रभावी रहे हैं। कई बार गेंदबाजों ने कम स्कोर का बचाव भी किया है। हैदराबाद की बल्लेबाजी में बेशक निरंतरता का अभाव है लेकिन दिल्ली के खिलाफ उसने 164 रन का लक्ष्य हासिल किया है। धवन के साथ ओपनिंग पर उतरे इंग्लैंड के बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने शानदार किया है। कप्तान केन विलियम्सन इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं।
कोहली-एबी को दिखाना होगा जादू
सोमवार को हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी कप्तान कोहली और एबी डीविलियर्स को अपना जादू चलाने की जरूरत है। एक और हार से टीम पर बाहर होने का खतरा है। हालांकि उनका सामना उस टीम से है जिसके गेंदबाज सभी टीमों के लिए सिरदर्द बने हैं। अब तो हैदराबाद के मुख्य गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी लौट आए हैं। चेन्नई के खिलाफ 53 रन बनाने वाले पार्थिव पटेल और ब्रेंडन मैककुलम को अच्छा सहयोग करने की जरूरत है।
मनदीप सिंह और कोलिन डि ग्रैंडहोम को भी अपनल क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करने की जरूरत है। डेथ ओवरों की गेंदबाजी आरसीबी के लिए मुद्दा रही है। सनराइजर्स के खिलाफ बेंगलोर को इसका हल ढूंढना होगा। उमेश यादव और युजवेंद्र चहल ने अच्छा किया है लेकिन मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर बेहतर शो नहीं कर पाए हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवनः-
आरसीबी: पार्थिव पटेल, ब्रैंडन मैकुलम, विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, मनदीप सिंह, कॉलिन डी ग्रांडहोम, एम अश्विन, टीम साउदी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, युजवेन्द्र चहल।
सनराइजर्स हैदराबाद: एलेक्स हेल्स, शिखर धवन, केन विलियम्सन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, युसूफ पठान, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल, ऋद्धिमान साहा, संदीप शर्मा और भुवनेश्वर कुमार।