सुनील नरेन ने किया बल्ले से धमाका, जड़ा IPL का सबसे तेज अर्धशतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार स्पिनर सुनील नरेन के लिए आईपीएल का दसवां सीजन यादगार बनता जा रहा है। इस सीजन वह अपनी फिरकी की जगह बल्ले का जलवा दिखा रहे हैं। नरेन ने रविवार को अपने बल्ले से ऐसा धमाल किया कि उनका नाम आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में सबसे ऊपर दर्ज हो गया।
नरेन ने आरसीबी के खिलाफ बैंगलोर में क्रिस लेन के साथ पारी की शुरुआत की और 159 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया। नरेन ने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ स्टेडियम में खलबली मचा दी। अपनी इस तूफानी पारी में नरेन ने 6 चौके और 4 छक्के जड़े। नरेन ने 17 गेंद 317.64 के स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए।
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक के मामले में वह केकेआर के यूसूफ पठान की बराबरी पर पहुंच गए हैं। पठान ने साल 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ईडेन गार्डन में 15 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। 72 रन की अपनी पारी में पठान ने 7 चौके और 5 छक्के जड़े थे।
नरेन की एक पारी पड़ी पांच साल पर भारी
नरेन का अर्धशतक दसवें सीजन का सबसे तेज अर्धशतक है। नरेन से पहले मौजूदा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक उनके साथी खिलाड़ी क्रिस लिन के नाम था। लिन ने गुजरात लॉयंस के खिलाफ राजकोट में 19 गेंद में अर्धशतक जड़ा था।
क्रिस लिन के चोटिल होने के बाद केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने अप्रत्याशित निर्णय लेते हुए सुनील नरेन को पारी की शुरुआत करने का मौका दिया। हाथ आए मौके का फायदा उठाते हुए नरेन ने मौजूदा सीजन में खेले 12 मैच में 19.60 की औसत से 196 रन बनाए हैं। इस सीजन उनका स्ट्राइक रेट 184.90 का है। इस सीजन उनके बल्ले से 30 चौके और 9 छक्के निकल चुके हैं।
उनके इस प्रदर्शन की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मौजूदा सीजन से पहले नरेन आईपीएल के पिछले पांच सीजन में खेल चुके हैं। जिसमें 66 मैच में वह कुल 47 रन बना सके थे। इसका सीधा सा मतलब यह है कि उनकी रविवार की 54 रन की पारी पांच साल की बल्लेबाजी पर भारी पड़ी है। दसवें सीजन से पहले उनके खाते में केवल 2 चौके और 2 छक्के दर्ज थे। मौजूदा सीजन में बल्ले से आग उगलते हुए नरेन ने सारे समीकरणों को बदल दिया है।