IPL 10: आज पुणे के खिलाफ प्लेऑफ प्रवेश पर होंगी KKR की निगाहें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स बुधवार को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के सामने पिछले मैच की निराशा को भूलकर उतरेगी। पिछले मैच में गौतम गंभीर की अगुवाई वाली टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा था जोकि इस सीजन में उनकी सबसे करारी हार थी। इससे पहले केकेआर लगातार तीन जीत हासिल कर चुकी थी और मुंबई इंडियंस से दो अंक आगे चल रही थी। केकेआर की टीम की निगाहें अब एक और जीत के साथ दो अंक हासिल कर प्लेऑफ प्रवेश पर होंगी। मुंबई की टीम पहले ही प्लेऑफ में प्रवेश कर चुकी है। पुणे की टीम की टूर्नामेंट में शुरुआत खराब हुई थी लेकिन उसके बाद टीम लय में लौट आई है।
हैदराबाद के खिलाफ वर्षा से बाधित मैच में जिस तरह से केकेआर की हार हुई उसे अपने रणनीति पर फिर से काम करना होगा। कोलकाता टीम अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम पर काफी हद तक निर्भर कर रही है। हैदराबाद के 209 रन के जवाब में केकेआर सात विकेट पर 161 रन ही बना सकी थी। उसे सीजन की अपनी तीसरी हार झेलनी पड़ी थी।
अर्द्धशतक बनाने वाले रॉबिन उथप्पा को छोड़कर केकेआर का कोई भी बल्लेबाजी चुनौती का सही ढंग से सामना नहीं कर पाया जिससे मध्य और निचले क्रम में टीम की बल्लेबाजी की कमी कुछ हद तक उजागर हुई है। टॉस के समय केकेआर कप्तान गौतम गंभीर ने कहा था कि टीम लक्ष्य का पीछा करने में सहज है। इससे पहले जब केकेआर लक्ष्य का पीछा करने उतरी है तो सुनील नारायण को ओपनिंग पर उतारने का उसका प्रयोग सफल रहा है।
इसके अलावा कप्तान गौतम गंभीर और रॉबिन उथप्पा ने भी बल्लेबाजी में लगातार अच्छा किया है। इन तीनों शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के विफल रहने पर मनीष पांडे्य और यूसुफ पठान को ज्यादा जिम्मेदारी संभालनी होगी। मनीष पांडेय फॉर्म में हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से समर्थन की जरूरत है। नंबर छह और सात पर केकेआर को संघर्ष करना पड़ा है। शेल्डन जैक्सन और सूर्य कुमार यादव चल नहीं पा रहे हैं। ऑलराउंडर कोलिन डी ग्रैंडहोम भी उपयोगी साबित नहीं हो रहे हैं। कप्तान गंभीर विदेशी खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी नए सिरे से सोचना होगा। बांग्लादेशी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का ज्यादा उपयोग नहीं हुआ है।
पुणे को स्टोक्स और धोनी से बड़ी उम्मीदें
पहले अंक तालिका में निचले हाफ में चल रही पुणे अब चौथे स्थान पर आ गई है। पांचवें स्थान पर चल रही किंग्स इलेवन पंजाब से टीम चार अंक आगे है। आईपीएल-10 के सबसे महंगे खिलाड़ी बेन स्टोक्स गेंद और बल्ले से अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। स्टोक्स ने गुजरात के खिलाफ 63 गेंदों पर 103 रन की पारी खेली। टीम 42 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी तब स्टोक्स ने धमाकेदार पारी खेलकर टीम को मैच जिता दिया। इसके अलावा पूर्व कप्तान धोनी पर भी निगाहें होंगी जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 61 रन बनाए। गुजरात के खिलाफ भी उन्होंने स्टोक्स के साथ 76 रन की साझेदारी की।
टीमें इस प्रकार हैं:
कोलकाता नाइटराइडर्स : गौतम गंभीर (कप्तान), डेरेन ब्रावो, यूसुफ पठान, सुनील नारायण, रॉबिन उथप्पा, उमेश यादव, सूर्य कुमार यादव, अंकित राजपूत, ट्रेंट बोल्ट, पीयूष चावला, नाथन कूल्टर नाइल, कोलिन डी ग्रैंडहोम, ऋषि धवन, सयान घोष, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, इशांक जग्गी, कुलदीप यादव, क्रिस वोक्स, क्रिस लिन, मनीष पांडेय
राइजिंग पुणे सुपरजाइंट : स्टीव स्मिथ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, महेंद्र सिंह धोनी, अशोक डिंडा, मयंक अग्रवाल, फाफ डू प्लेसिस, अंकित शर्मा, बाबा अपराजित, अंकुश बैंस, रजत भाटिया, दीपक चाहर, राहुल चाहर, डेन क्रिश्चियन, फर्ग्यूसन, इमरान ताहिर, जसकरण सिंह, उस्मान ख्वाजा, सौरभ कुमार, बेन स्टोक्स, वाशिंगटन सुंदर, मिलिंद टंडन, मनोज तिवारी, एडम जांपा, जयदेव उनादकट, ईश्वर पांडे्य, राहुल त्रिपाठी, शार्दुल ठाकुर।