INDW vs AUSW: हरमनप्रीत ने भरी हुंकार, बोलीं- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हर हाल में जीतनी होगी सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार से तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत हो रही है। मैच से ठीक एक दिन पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि उन्हें हर हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में जीत हासिल करनी होगी।
विस्तार
भारतीय महिला टी-20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बुधवार को कहा कि उन्हें हर हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में जीत हासिल करनी होगी। दरअसल, गुरुवार से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत हो रही है। हरमनप्रीत अंगूठे की चोट के कारण वन-डे और टेस्ट (डे-नाइट) दोनों में नहीं खेल पाई थीं। वह अब चोट से उबर चुकी हैं।
ये तीन मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण
सात अक्तूबर को होने वाले पहले मैच की पूर्व संध्या पर हरमनप्रीत ने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मैं वन-डे और टेस्ट में नहीं खेल पाई लेकिन अगर वन-डे और टेस्ट मैच के बीच और समय होता तो मैं चोट से उबरकर खेल सकती थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, 'अब हम मैदान पर जाकर अपना सर्वश्रेष्ठ करके हर हालत में सीरीज जीतना चाहते हैं। ये तीन मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।'
अब हमें सभी तीनों प्रारूपों में खेलने का मौका मिल रहा
भारतीय कप्तान ने कहा, 'इससे पहले हम ज्यादातर वन-डे और टी-20 ही खेला करते थे लेकिन अब हमें सभी तीनों प्रारूपों में खेलने का मौका मिल रहा है जो हमारे लिए अच्छा है। मुझे लगता है कि हर किसी को बराबरी का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'इस सीरीज से पहले हम करीब एक साल के बाद दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से खेले थे लेकिन मैं कह सकती हूं कि हम अब अच्छी फॉर्म में हैं।'
पिछले एक साल में क्रिकेट खेलने को नहीं मिला था
हरमनप्रीत ने कहा, 'लगातार क्रिकेट खेलने से टीम को हर विभाग में सुधार करने में मदद मिलती है। हमें पिछले एक साल में क्रिकेट खेलने को नहीं मिला था और फिर हमें मौका मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए 'बायो-बबल' में रहकर महामारी के बीच क्रिकेट खेलना मुश्किल था।
वन-डे सीरीज में मिली थी हार, टेस्ट रहा था ड्रॉ
भारतीय महिला टीम तीन मैचों की वन-डे सीरीज 1-2 से हार गई थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट ड्रॉ रहा था।