कीवी कप्तान ने बताया कहां हुई चूक, विराट ने इन्हें माना जीत का नायक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वन-डे में मिली करारी शिकस्त के बाद टीम इंडिया ने जीत की पटरी पर धमाकेदार वापसी की। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने बुधवार को पुणे में खेले गए दूसरे वन-डे में कीवी टीम को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी की।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और उनकी टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 230 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने 46 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'हमारे लिए आज का दिन अच्छा रहा। गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया और फील्डर्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया। आज का विकेट धीमा था, लेकिन हमारे खिलाड़ियों ने परिस्थिति को समझकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।'
उन्होंने आगे कहा, 'शिखर धवन ने शानदार बल्लेबाजी की। वो विश्वास से लबरेज हैं। दिनेश कार्तिक ने टीम के लिए उम्दा योगदान दिया। मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं। हम हमेशा वापसी की बात करते रहे हैं और आज हमने जबर्दस्त वापसी की। हम इसी तरह का खेल कानपुर में भी खेलना चाहेंगे।'
विलियमसन ने माना, टीम से यहां हुई चूक
वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, 'ये ऐसी पिच थी, जहां बड़ा स्कोर बनाने से आसानी से मैच जीत सकते थे। मगर 230 रन काफी नहीं थे। भारत को शानदार गेंदबाजी के लिए श्रेय देना चाहिए। हालांकि, हमारे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने सूझबूझ भरी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक जरूर पहुंचाया।'
विलियमसन ने भी स्वीकार किया कि इस पिच पर खेलना आसान नहीं था। ग्रैंडहोम ने अच्छी पारी खेली। ये अच्छा होता कि हम स्कोरबोर्ड पर कुछ रन और टांगते तो मैच जीत जाते। हालांकि, तीसरे वन-डे में हम कमाल का प्रदर्शन करना चाहेंगे। हमने मुंबई में बेहतर प्रदर्शन किया था।'
मैच में 10 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। भुवी ने कहा, 'शांत रहना मेरा नेचर है, जिसे मैंने कभी बदलने का नहीं सोचा। जब भी नई गेंद से गेंदबाजी करता हूं तो ज्यादा से ज्यादा स्विंग हासिल करने की कोशिश करता हूं। आज ऐसा नहीं हुआ, इसलिए सोच रखा था कि अच्छी लेंथ की गेंदबाजी करूं। टीम प्रबंधन का शुक्रिया, जिन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया।'
कार्तिक ने बताया, वापसी का श्रेय किसे जाता है
टीम इंडिया के लिए नाबाद 64 रन की मैच विजय पारी खेलने वाले दिनेश कार्तिक ने कहा, 'पिच पर समय बिताना जरूरी था। मेरे लिए मैच जीतते समय क्रीज पर टिके रहना ज्यादा जरूरी था और मुझे खुशी है कि ऐसा कर पाया। हो सकता है कि मैं ज्यादा रन बना सकता था, लेकिन विश्वास रहा तो ज्यादा रन बना सकूंगा।'
अपनी शानदार वापसी के बारे में बात करते हुए 32 वर्षीय कार्तिक ने कहा, 'अब तक वापसी अच्छी रही है। मुझे बहुत फाइट करना पड़ी और ऐसी चीज होती है। विराट कोहली और रवि शास्त्री को भी मेरी दमदार वापसी का काफी श्रेय जाता है।'