खत्म हुई BCCI की नाराजगी, फिर अगले साल से खेलेंगे क्रिकेट मैच
एक साल से थोड़े ज्यादा समय तक चले तकरार के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूसीबी) से नाराजगी खत्म कर ली है। दोनों बोर्ड एक बार फिर से आपस में क्रिकेट संबंध बहाल करने को राजी हो गए हैं।
सेंट जोंस (एंटीगा) में क्रिसमस से एक दिन पहले ही दोनों देशों के क्रिकेट बोर्डों ने आपस में एक समझौता किया जिसके तहत अगले साल के मध्य तक द्विपक्षीय सीरीज खेलकर संबंध बहाल करेंगे। पहले से तय कार्यक्रम के आधार पर भारत को जुलाई-अगस्त में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए कैरेबियाई द्वीप का दौरा करना था। फिर से क्रिकेट खेलने को लेकर विंडीज बोर्ड ने ही पहल की थी।
डब्ल्यूसीबी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि डब्ल्यूसीबी के अध्यक्ष डेव कैमरन ने बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर के साथ बातचीत कर इस दौरे को कन्फर्म कराया, जिसमे वेस्टइंडीज 2016 में कैरेबियाई द्वीप में टीम इंडिया की मेजबानी करेगा। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।
खिलाड़ियों के व्यवहार के लिए BCCI से माफी मांगा था वेस्टइंडीज ने
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूसीबी) 2014 में विवादास्पद तरीके से बीच में रद्द कर दिए गए भारतीय दौरे को पूरा करने का इच्छुक है। डब्ल्यूसीबी का कहना है कि यदि उनके खिलाड़ियों का संघ सीरीज पर प्रतिबद्धता दिखाता है तो वह 2016 में भारत का मेजबानी करना चाहेगा।
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने अपने बोर्ड के साथ विवाद के कारण पिछले वर्ष अक्तूबर में भारत का दौरा बीच में ही रद्द कर दिया था जिससे बीसीसीआई हैरान और निराश था। तब बीसीसीआई ने हर्जाने के रूप में वेस्टइंडीज से 42 मिलियन यूएस डॉलर की मांग की थी। लेकिन वेस्टइंडीज बोर्ड ने कहा था कि वह इस आर्थिक दंड का भुगतान कर पाने में असमर्थ है।
कैरेबियाई टीम के इस फैसले की वजह से भारतीय बोर्ड को आनन-फानन में श्रीलंका को एकिदवसीय सीरीज खेलने के लिए आमंत्रित करना पड़ा था। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों के व्यवहार के लिए बीसीसीआई से माफी मांग ली थी और अब वह उस दौरे को पूरा करने का इच्छुक है।