इंडिया बी ने जीती देवधर ट्रॉफी, खिताबी मुकाबले में इंडिया सी को 51 रन से हराया
अनुभवी केदार जाधव (86) की शानदार बल्लेबाजी के बाद अपने घरेलू मैदान में शाहबाज नदीम (4/32) की कमाल की गेंदबाजी से इंडिया बी ने सोमवार को यहां देवधर ट्रॉफी के फाइनल में इंडिया सी को 51 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
इंडिया बी ने 7 विकेट पर 283 रन बनाने के बाद इंडिया सी को 9 विकेट पर 232 रन पर रोक दिया। इंडिया सी के युवा तेज गेंदबाज ईशान पोरेल ने 43 रन देकर 5 विकेट लिए लेकिन उनका यह प्रदर्शन टीम के काम नहीं आ सका।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया बी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पोरेल के पहले ओवर में ही ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। पोरेल ने इसके बाद 9वें ओवर में कप्तान पार्थिव पटेल को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (14) के हाथों कैच कराया।
यशस्वी जायसवाल (54) और बाबा अपराजित (13) ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। अपराजित को जलज सक्सेना (1/42) ने आउट कर दिया जबकि जायसवाल को अक्षर पटेल (1/33) ने पवेलियन भिजवाया। जयसवाल ने 79 गेंद की पारी में पांच चौके और एक छक्का जड़ा।
जाधव ने एक छोर संभाले रखा और दूसरे छोर से उन्हें नीतीश राणा (20) और विजय शंकर (45) का अच्छा साथ मिला। शंकर ने 33 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। जाधव ने भी 94 गेंद की पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए। कृष्णप्पा गौतम ने आखिरी के ओवरों में ताबड़तोड बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंद में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए।
प्रियम गर्ग का अर्द्धशतक काम न आया
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया सी की टीम भी लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। प्रियम गर्ग ने 77 गेंद में सबसे ज्यादा 74 रन बनाए लेकिन मयंक अग्रवाल (28) बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान शुभमन गिल (01), विराट सिंह (06), सूर्यकांत यादव (03) , दिनेश कार्तिक (03) तो दहाई के अंकों में भी नहीं पहुंचे। आधी टीम 77 रन पर पवेलियन लौट गई। गर्ग और पटेल (38) ने छठे विकेट के लिए 63 रन जोड़े। जलज सक्सेना (नाबाद 37) और मयंक मार्कंडेय (27) आखिरी के ओवरों में बस हार का अंतराल कम करते नजर आए।