ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अब घर में इंग्लैंड की मेजबानी के लिए तैयार है। हालांकि दोनों ही टीमें पिछली सीरीज जीतने के बाद जोश से भरी हुई हैं और चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भी तैयार हैं। ऐसे में शुक्रवार से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है। वहीं इस सीरीज के दौरान दोनों ही टीमों के कई खिलाड़ियों की नजर कुछ रिकार्ड्स पर भी होगी।
INDvENG: टेस्ट सीरीज में ये पांच रिकार्ड्स होंगे दांव पर, विराट-अश्विन-रूट के पास कीर्तिमान बनाने का मौका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोहली घरेलू जमीन पर बन सकते हैं सबसे सफल भारतीय कप्तान
विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने भारत में अब तक 20 टेस्ट मैच जीते हैं, जबकि धोनी की कप्तानी में टीम ने सर्वाधिक 21 मुकाबले जीते थे। ऐसे में दो टेस्ट मैच जीतते ही विराट कोहली भारतीय सरजमीं पर सबसे सफल कप्तान बन जाएंगे।
इशांत शर्मा के पास भारत का दूसरा सबसे सफल तेज गेंदबाज बनने का मौका
भारत के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा चोट की वजह से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं जा सके थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ वह मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। इशांत अभी तक कुल 297 टेस्ट विकेट ले चुके हैं और अभी भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज हैं। सीरीज में इशांत के पास जहीर खान (311) को पछाड़ने का मौका होगा। वह अगर सीरीज में 15 विकेट हासिल कर लेते हैं तो वे भारत के दूसरे सबसे सफल तेज गेंदबाज बन जाएंगे। फिलहाल इस मामले में शीर्ष पर आज भी दिग्गज कपिल देव (434) काबिज हैं। यही नहीं तीन विकेट लेते ही इशांत 300 टेस्ट विकेट लेने वाले छठे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।
जो रूट बन सकते हैं इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने यहां एक शतक और एक दोहरा शतक लगाया था। ऐसे में उनसे भारत के खिलाफ भी इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। रूट ने फिलहाल टेस्ट करियर में 8249 रन बनाए हैं और इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। वह अगर सीरीज में 251 रन बना लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 8500 रन पूरे कर लेंगे और साथ ही एलेक स्टीवर्ट (8463) को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। बता दें कि इस मामले में इंग्लैंड के एलिस्टर कुक (12472) शीर्ष पर मौजूद हैं।
अश्विन के पास सबसे तेज 400 टेस्ट विकेट लेने का मौका
भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। 34 वर्षीय अश्विन 74 टेस्ट में अब तक 377 विकेट ले चुके हैं। उन्हें 400 विकेट पूरे करने के लिए अभी 23 विकेट की दरकार है, ऐसे में अगर वे इस सीरीज में इतने विकेट हासिल कर लेते हैं तो वे भारत की तरफ से सबसे तेज 400 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। बता दें कि फिलहाल इस मामले में अनिल कुंबले (85 टेस्ट) के साथ शीर्ष पर जबकि हरभजन सिंह (96 टेस्ट) और कपिल देव (115 टेस्ट) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।