ICC का बड़ा फैसला, महिला वन-डे विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए होगा रिजर्व डे
- आईसीसी ने न्यूजीलैंड में होने वाले 2021 महिला वनडे विश्व कप का कार्यक्रम किया घोषित
- 06 फरवरी से सात मार्च होने वाले टूर्नामेंट में आठ टीमों के बीच खेले जाएंगे 31 मैच
विस्तार
भारत के खिलाफ टी-20 महिला विश्व कप सेमीफाइनल में मैदान पर उतरे बिना ही इंग्लैंड के बाहर होने से सबक लेते हुए आईसीसी ने न्यूजीलैंड में होने वाले 2021 महिला वन-डे विश्व कप के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व दिन का आवंटन किया है।
आईसीसी ने न्यूजीलैंड में छह फरवरी से सात मार्च तक होने वाले टूर्नामेंट का कार्यक्रम जारी किया है। छह फरवरी से सात मार्च तक होने वाले टूर्नामेंट में 31 मैच खेले जाएंगे। तीनों नॉकआउट मैचों के अगले दिन रिजर्व दिन का प्रावधान रखा गया है।
पिछले हफ्ते भारत के खिलाफ महिला टी-20 विश्व सेमीफाइनल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। भारत ने ग्रुप चरण में बेहतर रैंकिंग के कारण फाइनल में जगह बनाई थी। इससे आईसीसी को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
छह स्टेडियमों में खेले जाएंगे मैच
महिला वनडे विश्व कप छह स्थलों पर खेला जाएगा जिसमें ऑकलैंड का ईडन पार्क, तौरंगा का बे ओवल, हैमिल्टन का सेडन पार्क, डुनेडिन का यूनिवर्सिटी ओवल, वेलिंगटन का बेसिन रिजर्व और क्राइस्टचर्च का हेगले ओवल शामिल हैं।
टूर्नामेंट का पहला मैच ऑकलैंड में मेजबान और क्वालिफाइंग टीम के बीच खेला जाएगा। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका पहले ही विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। आईसीसी महिला चैंपियनशिप और इसके बाद जुलाई में श्रीलंका में क्वालिफाइंग टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद बाकी बची चार टीमें तय होंगी।