ICC T20 World Cup: आईसीसी ने जारी किया आधिकारिक एंथम 'लीव द गेम', थ्री-डी इफेक्ट्स के साथ दिखी खिलाड़ियों की जुगलबंदी
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। इसी बीच आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए आधिकारिक एंथम भी रिलीज कर दिया है।
विस्तार
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। यूएई और ओमान में होने वाले आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में लगी हुई हैं। इसी बीच आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए आधिकारिक एंथम भी रिलीज कर दिया है।
एंथम का नाम 'लीव द गेम' है और इसका संगीत निर्देशन भारत के अमित त्रिवेदी ने किया है। इस एनिमेटेड वीडियो फिल्म में दुनियाभर के युवा दर्शकों को दिखाया गया है। इसके अलावा इसमें कई स्टार क्रिकेटरों को भी शामिल किया गया है।
इस वीडियो में मेजबान देश भारत और उसके कप्तान विराट कोहली खिलाड़ियों के ग्रुप के नेतृत्व करते दिख रहे हैं। इसमें कैरेबियाई कप्तान कीरोन पोलार्ड, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और अफगानी स्टार राशिद खान भी शामिल हैं। इस फिल्म में थ्री-डी और टू-डी इफेक्ट्स, दोनों का इस्तेमाल किया गया है। इसे दुनियाभर में आईसीसी के प्रायोजकों के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया है।
There’s somethin’ happenin’ in the air yo 🎼
— T20 World Cup (@T20WorldCup) September 23, 2021
Drop everything else. The #T20WorldCup anthem is here 💥#LiveTheGame pic.twitter.com/eczg0WfKwD
बता दें कि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन यूएई और ओमान में 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक किया जाएगा। भारतीय टीम इस बड़े टूर्नामेंट का आगाज अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ ग्रुप मुकाबले से करेगी।