पहले 2007 के टी-20 और उसके बाद 2011 के आईसीसी विश्व कप के फाइनल में अपनी यादगार पारियों से भारत की जीत की सुनहरी इबारत लिखने वाले वर्ल्ड कप फाइनल हीरो गौतम गंभीर ने मंगलवार को संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
गंभीर छह दिसंबर से फिरोज शाह कोटला में आंध्र प्रदेश के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी मैच में दिल्ली के लिए अपना अंतिम मुकाबला खेलने के लिए उतरेंगे। पिछले दो सालों से गंभीर के दिमाग में संन्यास के फैसले को लेकर झंझावत चल रहा था, लेकिन आईपीएल 2019 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम से रिलीज किए जाने के बाद गंभीर ने आखिरकार संन्यास का फैसला ले ही डाला।
गंभीर ने संन्यास की घोषणा करने के दौरान अपने सभी कोच संजय भारद्वाज, पार्थसारथी शर्मा, जस्टिन लैंगर, नॉडी होल्डर सभी का धन्यवाद किया।
58 टेस्ट मैचों के अलावा 147 वन डे और 37 टी-20 मुकाबलों में कुल 10 हजार तीन सौ 24 रन बनाने वाले गंभीर ने अपना अंतिम टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में विराट कोहली की कप्तानी में खेला। गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 2012 और 2014 में आईपीएल का खिताब भी जीता।
दरअसल, केकेआर से निकलकर 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी संभालना गंभीर के लिए बुरा फैसला साबित हुआ। टीम को मिल रही लगातार हार के चलते उन्हें बीच में ही कप्तानी छोडनी पड़ी साथ ही अंतिम एकादश से भी स्थान गंवाना पड़ा।