दानिश ने कहा, मुझे निशाना जरूर बनाया,लेकिन कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज व भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया के पक्ष में बयान दिया है।
गंभीर ने कहा, 'यही पाकिस्तान का असली चेहरा है। हमारे पास मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे क्रिकेटर रहे हैं, जिन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की है। ये पाकिस्तान का सच दिखाता है, उनके पास खिलाड़ी के तौर पर इमरान खान देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन फिर भी उनके देश में खिलाड़ियों को इस तरह की परिस्थिति से गुजरना पड़ता है। कनेरिया ने पाकिस्तान के लिए 55-60 मैच खेले हैं, और ये घटना शर्मनाक है।'
गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने गुरुवार को टीम के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया था, जिसके बाद कनेरिया ने भी अपना पक्ष रखा। अख्तर ने एक टीवी शो 'गेम ऑन है' में कहा था कि दानिश हिंदू था, इसलिए उसके साथ नाइंसाफी हुई।
असलियत का करूंगा खुलासा- दानिश
अख्तर ने कहा था, कुछ खिलाड़ियों को इस बात से नाराजगी थी कि वह (दानिश) हमारे साथ खाना क्यों खाता है? अख्तर के इस बयान के बाद कनेरिया ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था, 'अख्तर ने सच कहा। मैं उन खिलाड़ियों का नाम बताऊंगा जो मुझसे बात करना पसंद नहीं करते थे क्योंकि मैं एक हिंदू था। उस पर बोलने की हिम्मत नहीं थी, लेकिन अब मैं खुलासा करूंगा।'
इसके बाद कनेरिया ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और देश के क्रिकेट प्रशासकों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन अच्छा नहीं चल रहा है इसलिए उन्हें मदद की जरूरत है।
अख्तर के बयान से पीसीबी का किनारा
उन्होंने कहा, 'जब कनेरिया खेल रहा था तब इंजमाम उल हक, राशिद लतीफ, यूनिस खान और मोहम्मद यूसुफ पाकिस्तान के कप्तान रहे। अख्तर और कनेरिया ने जो कुछ कहा, इस पर उन्हें जवाब देना चाहिए। इसमें बोर्ड को क्यों शामिल होना चाहिए।'
मुझे निशाना बनाया गया था,लेकिन कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया
दानिश ने शुक्रवार को 'समां' चैनल से कहा कि हिन्दू होने के कारण मुझे निशाना बनाया गया, लेकिन कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने कहा, 'मुझे हिन्दू और पाकिस्तानी होने पर गर्व है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि पाकिस्तान में हमारे क्रिकेट समुदाय को नकारात्मक तरीके से पेश करने की कोशिश न करें क्योंकि बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने मेरा पक्ष लिया और मेरे धर्म के बावजूद मेरा समर्थन किया।'