KKR को लग सकता है तगड़ा झटका, कप्तान बनने का दावेदार क्रिकेटर हुआ चोटिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑस्ट्रेलिया टीम के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस लिन बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 ट्राई सीरीज के फाइनल में चोटिल हो गए हैं। फील्डिंग करते समय उन्हें कंधे में चोट लगी। लिन को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनके कंधे का स्कैन कराया गया। अब रिपोर्ट का इंतजार है कि उनकी चोट गंभीर है या नहीं।
बता दें कि लिन आईपीएल-11 में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के कप्तान बनने का प्रबल दावेदार हैं। बहरहाल, न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रांस टस्मान टी20 सीरीज के फाइनल में लिन ने गेंद को पकड़ने के लिए पहले तो अपने बाएं कंधे का प्रयोग किया, लेकिन सही तरह से फील्डिंग के लिए दाएं कंधे का प्रयोग करना चाहा और उसी दिशा में वो गिर पड़े।
याद हो कि लिन ने कहा था कि वह मैदान में फील्डिंग को लेकर खास सावधानी बरतेंगे। उन्होंने कहा था कि यह बात चार साल से उनके दिमाग में चल रही है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने साथ ही कहा था, 'मैं अच्छी फील्डिंग करना चाहता हूं, लेकिन अब ज्यादा चोटिल नहीं होना चाहता।'
चोटिल होने में मास्टर बनते जा रहे हैं लिन
गौरतलब है कि लिन कई बार चोटिल हुए हैं। उनके बाएं कंधे का ही 3 बार ऑपरेशन हो चुका है। अगर उनको एक बार फिर से कंधे पर गहरी चोट लगती है तो ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए यह बुरी खबर होगी क्योंकि लिन काफी अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी यह तगड़ा झटका होगा। गौतम गंभीर के नहीं होने की वजह से बल्लेबाजी क्रम का काफी कुछ भार आगामी सीजन में लिन के कंधे पर रहेगा। इसके अलावा वो टीम की कप्तानी के रेस में भी हैं। अगर वो चोट की वजह से बाहर हुए तो केकेआर को दोहरा झटका लगेगा। पिछले सीजन में भी वो कई मैच चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाए थे।