IPL: मुंबई के घर में दहाड़े चेन्नई के 'शेर', रोमांचक मुकाबले में दी एक विकेट से मात
कैरीबियाई बल्लेबाज ड्वेन ब्रावो की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत आईपीएल सीजन-11 के ओपनिंग मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को एक विकेट से मात दी। मैच के हीरो रहे ब्रावो ने 30 गेंदों पर तीन चौके और सात छक्कों की बदौलत शानदार 68 रन की पारी खेली। ब्रावो के आउट होने के बाद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज केदार जाधव ने आखिरी ओवर में मुस्ताफिजुर रहमान के ओवर में एक छक्का और चौका जड़कर टूर्नामेंट में चेन्नई की जीत का खाता खोला।
इससे पहले चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। मुंबई की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबीज इविन लुइस के शून्य के स्कोर पर आउट होन के बाद कप्तान रोहित शर्मा भी 15 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने मुंबई की पारी को संभालते हुए 29 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए।
वहीं सूर्यकुमार यादव (43) और हार्दिक पांड्या ने नाबाद (22) रन की पारी खेली। वहीं मुंबई के ऑलराउंडर कृणाल पांड्या ने 22 गेंदों पर दो छक्कों और पांच चौकों की मदद से नाबाद 41 रन जड़कर चेन्नई के सामने 166 रन की चुनौती पेश की।
मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज (16) रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अंबाती रायुडु भी (22) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चेन्नई को उम्मीद थी कि उसके सबसे ताकतवर बल्लेबाज सुरेश रैन बिखरती पारी को संभाल लेंगे, लेकिन रैन सिर्फ (4) रन के स्कोर पर चलते बने। इसके बाद तो चेन्नई की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती चली गई।
रैन के आउट होने के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (5), रवींद्र जडेजा (12), दीपक चहर (0), हरभजन सिंह (8) और मार्क वुड (1) रन के सस्ते स्कोर पर सिमट गए। आखिर में चेन्नई के धांसू ऑलराउंडर ने ड्वेन ब्रावो ने मुंबई के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
मुंबई का कोई भी गेंदबाज ब्रावो के कहर से बच नहीं पाया। ब्रावो ने 68 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। ब्रावो के आउट होने के बाद चेन्नई को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए थे। मुस्ताफिजुर रहमान की चौथी और पांचवीं गेंद पर क्रमश: छक्का और चौका जड़कर केदार जाधव ने टूर्नामेंट में सीएसके की जीत का खाता खोला।
गेंदबाजी की बात करें तो चेन्नई की तरफ से शेन वॉटसन ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। वॉटसन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 मंबई के दो अहम खिलाड़ियों को शिकार बनाया। इसके अलावा दीपक चहर और इमरान ताहिर के खाते में एक-एक विकेट आया।
वहीं मुंबई की तरफ से हार्दिक पांड्या और मयंक मार्केंडे सबसे सफल गेंदबाज रहे। दनों ही खिलाड़ियों के खाते में 3-3 विकेट आए, तो वहीं मैकलेनघम, मुस्ताफिजुर और बुमराह ने एक-एक विकेट चटकाया। हालांकि मुंबई यह मैच बचा पाने में नाकामयाब हो गई।