अब गेंदबाजों की बारी, एक ही दिन में निकाले 15 विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है। कब किसका पलड़ा भारी पड़ जाए और कौन कब बैकफुट पर चला जाए कुछ भी पहले से तय नहीं किया जा सकता।
हम यहां बात कर रहे हैं न्यूजीलैंड में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के बारे में। कहने को तो यह 2 मैचों की टेस्ट सीरीज है न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच, लेकिन यह सीरीज कई मायनों में बेहद दिलचस्प साबित हो रही है। क्राइस्टचर्च में खेला गया सीरीज का पहला मैच रनों के लिहाज से बेहद शानदार रहा था। मेजबान किवी टीम के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने आतिशी पारी खेलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों की बखिया उधेड़ कर रख दी थी। उन्होंने उस मैच में कई रिकॉर्ड बनाए, हालांकि वह महज 6 रन से सबसे तेज दोहरा शतक जमाने के रिकॉर्ड से चूक गए थे। वह मैच न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत लिया था।
खैर, जहां पहले टेस्ट मैच को बल्लेबाजों की जोरदार बल्लेबाजी के लिए याद किया जाएगा वहीं शनिवार से शुरू हुए सीरीज के दूसरे मैच को गेंदबाजों के कारण याद किया जा सकता है। मैच के पहले दिन के खेल से कम से कम ऐसा ही लगता है। गेंदबाजों ने महज 158 रन पर 15 विकेट जो निकाल लिए हैं।
पहले ही दिन तेज गेंदबाजों ने ढाया कहर
विलिंगटन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों के नाम रहा। पहले दिन के खेल में कुल 15 विकेट गिरे। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया जिसे उसके गेंदबाजों ने पूरी तरह से सही साबित कर दिया।
पिछले मैच की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों ने एक तरह से कहर ढाते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को महज 56 ओवर के अंदर 221 रनों पर समेट दिया। इसके बाद किवी गेंदबाजों ने भी मेहमान टीम पर जमकर निशाना साधा और 26 ओवर के अंदर उसके 5 विकेट झटक लिए, इस समय तक श्रीलंका ने महज 78 रन बनाए थे।
पहली पारी के आधार पर श्रीलंका एक बार फिर संघर्ष कर रहा है और 143 रनों से पीछे है, उसके पास सिर्फ 5 विकेट शेष हैं। पहला दिन पूरी तरह से तेज गेंदबाजों के नाम रहा और आज गिरे सभी 15 विकेट आपस में बांट लिए।
श्रीलंका की ओर से नुवान प्रदीप ने 4, शुरंगा लकमल ने 3 और धम्मिका प्रसाद ने 2 सफलताएं हासिल की, वहीं किवी टीम के लिए डग ब्रेसवेल ने 3 विकेट झटके, एक-एक विकेट ट्रेंट बॉल्ट और टिम साउदी को मिले।
खाता भी नहीं खोल सके कप्तान मैकुलम
टॉस जीतकर श्रीलंका ने जब गेंदबाजी का फैसला लिया तो उसे यह आभास नहीं रहा होगा कि उसके टीम को इस तरह से सफलता दिलाएंगे। हालांकि शुरू में सब ठीक ठाक था और न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 141 रन था लेकिन अगले 80 रनों के अंदर टीम के शेष 8 विकेट गिर गए और टीम 221 रन पर आउट हो गई। केन विलियम्स ने सर्वाधिक 69 रन बनाए।
पिछली पारी में श्रीलंका को खूब छकाने वाले कप्तान ब्रैंडन मैकुलम तो अपना खाता भी नहीं खोल सके। आखिरी बार 2012 में वह भारत के खिलाफ बेंगलुरू में खाता नहीं खोल सके थे।
जवाब में उतरी श्रीलंका को लग रहा था कि उसके बल्लेबाज टीम को अच्छी शुरुआत देते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करेंगे लेकिन उसे निराशा हाथ लगी। पहला झटका नौंवे ओवर की पहली गेंद पर ओपनर दीमुथ करुणारत्ने (16) के रूप में लगा। डग ब्रेसवेल ने एक के बाद एक करके 3 विकेट झटककर श्रीलंका को बैकफुट पर भेज दिया। 26 ओवर के अंदर ही उसके 5 विकेट गिर गए। आज के खेल में 158 रन पर कुल 15 विकेट गिरे।
हालांकि दूसरे छोर पर पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज कुमार संगकारा क्रीज पर जमे हुए हैं और 33 रन बनाकर नाबाद हैं। आज जब उन्होंने अपने खाते में 5 रन जोड़े तो उन्होंने टेस्ट करियर में अपने 12 हजार रनों के आंकड़े को पार कर लिया। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पांचवें और श्रीलंका के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।