{"_id":"ff39ca42-3be5-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"bcci-unhappy-with-green-park-preparation-for-ind-aus-test","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘10 जनवरी तक ग्रीनपार्क ओके तो मैच होगा’","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
‘10 जनवरी तक ग्रीनपार्क ओके तो मैच होगा’
कानपुर/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 02 Dec 2012 12:06 AM IST
विज्ञापन
ग्रीनपार्क में भारत-ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट मैच देखने की बाट जोह रहे शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की टीम ने शनिवार को निरीक्षण करके ग्रीनपार्क की पिच और ग्राउंड को ओके कर दिया है जबकि डायरेक्टर पेवेलियन और वीआईपी गैलरी समेत अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को 10 जनवरी 2013 तक डेडलाइन दी है।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधि मंडल अगले सप्ताह ग्रीनपार्क स्टेडियम के निरीक्षण के लिए आएगा। उधर, शनिवार को प्रशासन और यूपीसीए के बीच कम्युनिकेशन की कमी रही, जिसके चलते नोडल अधिकारी नहीं पहुंच सके।
विज्ञापन
मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया-भारत सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम को आवंटित हुआ है। मैच की तैयारी को लेकर पिच, ग्राउंड और स्टेडियम के निरीक्षण के लिए बीसीसीआई की टीम शनिवार को यहां आई। बीसीसीआई के अधिकारी रत्नाकर शेट्टी और मैनेजर (क्रिकेट ऑपरेशन) सुरु नायक ने यूपीसीए के जीएम रोहित तलवार और ग्रीनपार्क स्टेडियम के पिच क्यूरेटर शिवकुमार के साथ निरीक्षण किया।
विज्ञापन
सबसे पहले पिच और ग्राउंड देखा और उनकी स्थिति पर संतोष जताया। इसके बाद डायरेक्टर पेवेलियन और वीआईपी गैलरी का हाल देखा। डायरेक्टर पेवेलियन के एंट्रेस पर दल ने एतराज जताया क्योंकि यहां पर एक ही सीढ़ी बनाई गई है, जिससे खिलाड़ी और दर्शक, दोनों आएंगे। टीम ने खिलाड़ियों के लिए एक और एंट्रेस बनाने की सलाह दी।
इसके बाद टीम ने मीडिया सेंटर, पेवेलियन, सी गैलरी आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में रत्नाकर शेट्टी ने बताया कि ग्रीनपार्क के निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट बीसीसीआई की वार्किंग कमेटी में रखी जाएगी। यहां की पिच और ग्राउंड ओके है, जो काम चल रहा है, वह भी ठीक है। चल रहे निर्माण कार्यों को पूरी करने के लिए यूपीसीए को उन्होंने 10 जनवरी 2013 तक की डेड लाइन दी है। अगर इस डेट तक सारा काम ओके न हुआ तो मैच दिल्ली या कहीं और ट्रांसफर किया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल अगले हफ्ते आएगा
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड का प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह ग्रीनपार्क स्टेडियम के निरीक्षण को आएगा। डिप्टी डायरेक्टर (खेल) अनिल कुमार बनौदा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बीसीसीआई ने 10 जनवरी की डेडलाइन दी है लेकिन हम लोगों ने 5 जनवरी 2013 तक का समय मांगा है। सरकार मैच कराने को तैयार है। अब गेंद यूपीसीए के पाले में है। यदि मैच आवंटित हुआ है तो वह इसकी तिथि लेकर हमे सूचित करे। हम उसके एक माह पहले स्टेडियम तैयार कर देंगे।