IPL में धूम-धड़ाके के बीच बांग्लादेश ने पाकिस्तान को रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के बाद कप्तान मिस्बाह-उल-हक और विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नए कप्तान के रूप में अजहर अली का चयन किया और उनकी अगुवाई में पाक टीम पहले विदेशी दौरे के लिए बांग्लादेश पहुंची। दोनों देशों के बीच दिसंबर, 2011 के बाद पहली द्वीपक्षीय सीरीज खेली जा रही है।
बांग्लादेश और पाकिस्तान दोनों ही टीमें वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी, जिसमें बांग्ला टीम पहली बार यहां तक पहुंचने में सफल रही। टीम के नियमित कप्तान मशरफे मुर्तजा वर्ल्ड कप में अपने स्लो ओवर रन रेट के कारण वनडे सीरीज का यह पहला मैच नहीं खेल सके और उनकी जगह टीम की अगुवाई शाकिब अल हसन ने की। वहीं पाक भी अपने नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरा।
वर्ल्ड कप से आराम के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरू होते ही वनडे में बड़ा उलटफेर हो गया। बांग्लादेश ने 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन पाकिस्तान को 45.2 ओवर में महज 250 रनों पर समेटते हुए 79 रन से हराकर जोरदार शुरुआत की। मेजबान बांग्ला टीम ने वनडे में दूसरी बार हराने का कारनामा किया है।
जीत के अलावा कई मायनों में यादगार रहा यह मैच
मेजबान बांग्लादेश के लिए यह मैच कई मायनों में बेहद शानदार रहा। पहली बार दो बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने वनडे क्रिकेट में एक मैच में 2 शतक लगाए। तमीम इकबाल (132) और मुशफिकर रहीम (106) ने तीसरे विकेट के लिए 178 रनों की साझेदारी की जो बांग्ला टीम की ओर से किसी भी विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी भी है। बांग्ला टीम का वनडे क्रिकेट में यह सबसे बड़ा स्कोर भी है। उसने चौथी बार अपनी धरती पर 300 से ज्यादा का स्कोर किया है।
साथ्ा ही मेजबान टीम ने वनडे में 16 साल बाद पाक को हराने का कारनामा किया। इससे पहले उसने 1999 में पाक को पीटा था। हालांकि यह जीत पहली वाली जीत
के मुकाबले काफी बड़ी है।
इसके अलावा वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में मैदान पर उतरने वाली पाक टीम से 7 खिलाड़ी इस मैच में नहीं थे और सिर्फ 4 खिलाड़ी ही अपनी टीम में जगह बनाए रख सके।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 2 शतकों के दम पर 50 ओवर में 6 विकेट पर 329 रन बनाए, जिसके जवाब में पाक टीम 45.2 ओवर में 250 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से कप्तान अजहर अली ने सर्वाधिक 72रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद और अराफात सनी ने 3-3 विकेट झटके। जबकि रुबेल हुसैन और शाकिब अल हसन को एक-एक सफलता मिली।
वहीं पाक की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे वहाब रियाज जिन्होंने 59 रन देकर 4 विकेट झटके। गेंदबाजी एक्शन में सुधार के बाद वापसी करने वाले सईद अजमल की वापसी बेहद खराब रही और 10 ओवर में बिना किसी सफलता के 74 रन लुटा दिए जो उनका वनडे में सबसे खराब प्रदर्शन भी है।
बांग्लादेश ने बनाया वनडे में अपना नया रिकॉर्ड
मेजबान बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह फैसला शुरू में गलत होता दिखा जब टीम 19 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर महज 66 रन बना सकी थी। उसकी बल्लेबाजी का अंदाज देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि टीम बड़े स्कोर की ओर जा पाएगी। 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर वर्ल्ड कप में 2 शतक लगाने वाले महमुदुल्लाह महज 5 रन बनाकर वापस लौट गए। पहला विकेट सौम्य सरकार के रूप में गिरा जो 20 रन बनाकर रन आउट हो गए। मेजबान टीम के 100 रन 25वें ओवर में पूरे हुए।
हालांकि उसके लिए अच्छी बात यह रही कि ओपनर तमीम इकबाल क्रीज पर जमे रहे और विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकर रहीम के साथ तीसरे विकेट के लिए 178 रनों की बड़ी और ठोस साझेदारी कर डाली। 75 गेंदों में अर्धशतक लगाने वाले तमीम ने 112 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। तमीम ने मार्च 2013 के बाद अपना पहला शतक लगाया है। उनका बखूबी साथ देने वाले रहीम ने आतिशी पारी खेलकर शुरुआत में हुई रन बनाने की धीमी गति को तेज कर दिया और खुद 69 गेंदों में अपना शतक ठोंक दिया। दोनों ने बैटिंग पावरप्ले का जमकर इस्तेमाल किया और इन 5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 55 रन बना डाले। दोनों ने बल्लेबाजी का गियर बदल दिया जिससे टीम ने 37वें ओवर में 200 रन बना लिए।
तमीम 42वें ओवर में 135 गेंदों में 132 रन (15 चौका और 3 छक्का) बनाकर आउट हुए। जबकि रहीम 77 गेंदों में 106 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्रीज पर आए अन्य बल्लेबाजों ने भी तेजी से रन बनाए और टीम को 50 ओवर में 329 रनों तक पहुंचा दिया जहां शुरुआती 25 ओवर में 300 के करीब जाने की भी कोई संभावना नहीं दिख रही थी। बांग्ला टीम का वनडे क्रिकेट में यह सबसे बड़ा स्कोर भी है।
कार्यवाहक कप्तान शाकिब अल हसन ने 27 गेंदों में 31 रन और शब्बीर रहमान ने 7 गेंदों में नाबाद 15 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने अंतिम 10 ओवरों में 93 रन ठोंक लिए।
पहले ही मैच में नए नवेले कप्तान अजहर ने ठोंकी फिफ्टी
बांग्लादेश से मिले 330 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम को कप्तान अजहर अली और सरफराज अहमद ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी कर डाली। अराफात सनी ने सरफराज को 24 रनों के निजी स्कोर पर आउट कराकर पहला झटका दिया। इसके बाद मोहम्मद हफीज भी महज 4 रन बनाकर रन आउट हो गए।
दोहरे झटके के बाद अजहर (72) ने हैरिस सोहैल (51) के साथ टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की। वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले बांग्लादेश के गेंदबाजों ने इस मैच में भी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। पाक के 100 रन 20वें ओवर में बने। बतौर कप्तान वनडे क्रिकेट में 2 साल से ज्यादा समय के बाद वापसी करने वाले अजहर ने आज 54 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाया। तीसरे विकेट के रूप उनका विकेट गिरा। जबकि हैरिस ने 59 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
बांग्लादेश की कसी हुई गेंदबाजी के कारण पाक को अंतिम 15 ओवर (148 रन) में 9 रन से ज्यादा प्रति ओवर की दर से रन बनाने थे जिसके लिए उसे काफी संघर्ष करना पड़ा। अपना पहला वनडे मैच खेल रहे मोहम्मद रिजवान (67) ने एक छोर संभाले रखा और साहसिक अर्धशतक लगाया। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें कुछ खास सहयोग नहीं मिला। फवाल आलम (14) और साद नसीम (0) सस्ते में वापस लौट गए। पुछल्ले बल्लेबाजों ने टीम को बेहद निराश किया अंतिम 33 रनों के अंदर उसके 6 विकेट गिर गए। पाक का स्कोर एक समय 4 विकेट पर 217 रन था लेकिन पूरी टीम 250 रन बनाकर आउट हो गई।