बारिश के दम पर बांग्लादेश ने टेस्ट में फिर रचा दोहरा इतिहास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भले ही बारिश ने बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट को ड्रॉ पर खत्म करा दिया हो लेकिन उसने बांग्ला टीम के लिए दोहरा इतिहास रच दिया। इस तरह से मेजबान टीम ने 5 रिकॉर्ड इस मैच से बना लिए।
चौथे दिन के बाद पांचवें दिन भी लगातार बारिश ने खेल में खलल डाली और एक भी गेंद डालने का मौका नहीं दिया। बारिश को देखते हुए अंपायरों ने लंच के बाद मैच को खत्म कर दिया।
चिटगांव में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 248 रन बनाए, जिसके जवाब में मेजबान टीम ने 3 अर्धशतकों के दम पर 326 रन बनाकर बढ़त हासिल कर ली। टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश ने दूसरी बार इस अफ्रीकी टीम पर बढ़त बनाई थी। इसके बाद अफ्रीकी टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 61 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद आगे का खेल शुरू नहीं कराया जा सका।
मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश ने लाजवाब खेल दिखाया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन रिकॉर्ड (एक पारी में सौ ओवर से ज्यादा खेलने का रिकॉर्ड, एक पारी में 300 या उससे ज्यादा का स्कोर और पहली बार किसी पारी में 3 अर्धशतकीय पारियां) बनाए थे।
बारिश ने दिया योगदान और बिना खेल के भी बने 2 रिकॉर्ड
मेजबान बांग्लादेश ने लगातार 4 वनडे सीरीज जीतने के साथ ही टेस्ट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। दक्षिण अफ्रीका से पहली बार वनडे सीरीज जीतने के बाद अब पहला टेस्ट भी ड्रॉ हो गया है।
वैसे तो टेस्ट मैच के ड्रॉ होने में खिलाड़ियों से ज्यादा बारिश का योगदान रहा है, लेकिन रिकॉर्ड बुक में तो बांग्लादेश के मजे हो गए। टेस्ट इतिहास में उसने पहली बार अफ्रीकी टीम से हार का सिलसिला खत्म करते हुए मैच को ड्रॉ पर रोक दिया। पहली बार दोनों टीमों के बीच मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ है।
साथ ही बांग्लादेश ने पिछले 4 टेस्ट मैचों में 3 मैच को ड्रॉ पर रोका है। हालांकि इन 3 में से 2 मैच को ड्रॉ कराने में बारिश का अहम योगदान रहा।
इसके अलावा बारिश ने दोनों टीमों के बीच एक और रिकॉर्ड बना दिया। पहली बार बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच पांचवें दिन तक खींचा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच कोई भी टेस्ट मैच पांच दिन तक नहीं चला था।
मुस्ताफिजुर रहमान ने भी बनाया दिलचस्प इतिहास
बांग्लादेश के 19 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के लिए यह मैच भी बेहद यादगार साबित हुआ। इसलिए नहीं कि यह उनका पहला टेस्ट मैच था बलि्क उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में कमाल की गेंदबाजी कर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी हासिल कर लिया।
इस गेंदबाज ने पहली ही पारी में 4 विकेट झटके थे जिसमें 3 विकेट तो लगातार 4 गेंदों के अंदर लिया था। उनका पहला विकेट विपक्षी कप्तान हाशिम अमला के रूप में था।
वह दुनिया के ऐसे पहले गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने वनडे के अलावा टेस्ट क्रिकेट के अपने पदार्पण मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता है। जून में ही उन्होंने वनडे में अपने करियर की शुरुआत की थी। भारत के खिलाफ अपने पहले ही मैच मे वह 50 रन देकर 5 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच बन गए।